महासमुन्द

करणी कृपा पॉवर प्लांट के प्रदूषण से दर्जनों गांवों में पेड़ों के पत्ते काले पड़ गए, छाल झुलस गई, दीवारों पर काली परतें जम गई...
05-Jun-2025 4:36 PM
करणी कृपा पॉवर प्लांट के प्रदूषण से दर्जनों गांवों में पेड़ों के पत्ते काले पड़ गए, छाल झुलस गई, दीवारों पर काली परतें जम गई...

दुर्दशा इतनी कि यहां के किसानों का धान भी सरकारी खरीदी केंद्रों में अस्वीकृत कर दिया गया

महासमुंद, 5 जून। जिला प्रशासन आज 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मना रहा है और जिला मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित करणी कृपा पॉवर प्लांट के प्रदूषण से महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लगभग 15 गांवों खैरझिटी,मालीडीह, पिरदा, कौंवाझर जैसे गांवों में पर्यावरण की दुर्दशा साफ-साफ दिखाई दे रही है।

इन गांवों में फसलों के पत्ते काले पड़ जाते हैं, पेड़ों की छाल झुलस गई है और घरों की दीवारों पर भी काली परतें जम गई हैं। यहां प्रदूषण से 7 हजार एकड़ क्षेत्र में लगी फसलें प्रभावित हो चुकी हैं। धान, सब्जियां और फल भी इस प्रदूषण के असर से सुरक्षित नहीं रहे। यह बात भी सामने आई कि यहां के किसानों का धान भी सरकारी खरीदी केंद्रों में अस्वीकृत कर दिया गया। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा।

बताना जरूरी है कि करणी कृपा पावर प्लांट के खिलाफ कई बार गंभीर लापरवाही और नियमों के उल्लंघन के आरोप लगे हैं। यहां 25 जून 2024 को मजदूर यश साहू 50 फीसदी तक जल गया, लेकिन उसे न कोई समुचित उपचार मिला, न मुआवजा। इसके बाद 8 सितंबर 2024 को दो ठेका श्रमिकों की मृत्यु के बाद भी प्लांट ने शवों को गुपचुप तरीके से गांव पहुंचा दिया, स्थानीय प्रशासन भनक तक नहीं लगी। हालांकि बाद में जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए कारखाने के एक हिस्से को सील किया और कारण बताओ नोटिस भी जारी किया। लेकिन अब तक इस पावर प्लांट के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

गारैतलब है कि करणी कृपा पवर प्लांट के खिलाफ लगभग 60 गांवों के ग्रामीण किसान पिछले दो साल से सत्याग्रह पर हैं। वे चाहते हैं कि प्रदूषण पर रोक लगे, खेती योग्य भूमि और जल स्रोत सुरक्षित रहें, स्थानीय मजदूरों को काम और उचित वेतन मिले, दुर्घटनाओं की जिम्मेदारी तय हो। यह आंदोलन उद्योग बनाम किसान और पर्यावरण का है।

 

बावजूद इसके महासमुंद का यह क्षेत्र अब धीरे-धीरे एक औद्योगिक गंध से ग्रस्त होने लगा है। यहां कुछ फर्नेस ऑयल प्लांट भी स्थापित हैं। जिनके कारण भारी वायु प्रदूषण होता है। लोगों का कहना है कि वायु प्रदूषण के कारण स्थानीय निवासियों को सांस संबंधी बीमारियां, चर्म रोग और सिरदर्द की शिकायतें बढ़ती जा रही हैं। खैरझिटी या बिरकोनी यह केवल स्थानीय उदाहरण हैं। जिनसे एहसास होता है कि विकास केवल जीडीपी बढ़ाने का नाम नहीं है, बल्कि यह धरती, जल, हवा और मनुष्यता को सुरक्षित रख कर आगे बढऩे का रास्ता होना चाहिए।

 बहरहाल पर्यावरण प्रभाव मूल्यांकन (ईआईए) की अनदेखी, स्थानीय जनसुनवाई में जनता की राय को दरकिनार करना, राजनीतिक संरक्षण के कारण ऐसे प्लांट पर कोई ठोस दंडात्मक कार्रवाई न होना, जैसी  मुद्दों पर आम चर्चा होती रही है और इसे प्रशासनिक उदासीनता कही जा रही है।


अन्य पोस्ट