महासमुन्द
महासमुंद, 5 जून। सरायपाली-सारंगढ़ मार्ग पर ग्राम नवरंगपुर के पास तेज रफ्तार एक बस के पलट जाने से एक यात्री की मौत हो गई और कई यात्री घायल हो गए। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ अपराध कायम किया गया है। सरायपाली थाना से मिली जानकारी अनुसार प्रार्थी घुरऊ चौहान पिता भागूलाल चौहान निवासी ग्राम भटोरा थाना सारंगढ़ जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ग्राम बिछिया अपने ससुराल आया था और 3 जून को जय स्तंभ चौक सरायपाली में बस क्रमांक सीजी 19 एफ 0441 में बैठ कर ग्राम कलगीडीपा जा रहा था। उन्होंने बताया कि बस में और भी सवारी बैठे हुए थे। सारंगढ़ मार्ग पर ग्राम नवरंगपुर के पास वाहन चालक ने बस को तेज एवं लापरवाही पूर्वक खतरनाक ढंग से चलाया, जिससे बस सडक़ पर पलट गई। इससे उसके बांये हाथ की कलाई में गंभीर चोट आई और बस में बैठे एक व्यक्ति की नीचे दबकर मौके पर ही मौत हो गई। जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
वहीं बस में बैठे गुरुवारी यादव, रंजीता कलारी, अश्वनी मांझी तथा अन्य सवारियों को भी चोट लगी हैं।
पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी वाहन चालक के खिलाफ धारा 184.एल के एसए एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 106-1, 125 ए, 125 बी, 281 के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार इस दुर्घटना में मृतक खिकराम जायसवाल (65 वर्ष) निवासी रामभांठा थाना डभरा जिला सक्ती, तीन-चार दिन पूर्व अपनी बहन के घर ग्राम अकोरी थाना बसना आया हुआ था। तीन जून की सुबह सारंगढ़ होते हुए बस में सक्ती जा रहा था। इसी बीच नवरंगपुर के पास बस पलटने से उसमें दबकर उसकी मृत्यु हो गई। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।