महासमुन्द
किसान ने दी अनशन की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 जून। जिले का एक किसान 3 साल से बंदोबस्त त्रुटि सुधार के लिए भटक रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए किसान ने सुशासन तिहार में दिए गए आवेदन में निराकृत करने की मांग की है और कहा है कि यदि समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो अनशन करेंगे। बताया है कि वह बीते 3 साल से चक्कर काट रहा है। किासन ने बताया कि सुशासन में आवेदन देने के बाद उसी शाम उसे यह कहकर टाल दिया गया कि विलंब से आवेदन आया है।
मामला समीपस्थ ग्राम बेमचा का है। यहां का किसान रामटहल पिता स्व. पकलू निषाद 80 साल पिछले 3 साल से बंदोबस्त त्रुटि सुधार के लिए भटक रहा है। जनचौपाल में दिए गए आवेदन में बताया गया है कि भूमि स्वामी हक की भूमि खसरा नंबर 1513, रकबा 0.053 को बंदोबस्त त्रुटि द्वारा आबादी भूमि खसरा नंबर 1596.1, रकबा 21.27 हेक्टेयर में समाहित किया गया। इसके त्रुटि सुधार के लिए 2021.22 में आवेदन प्रस्तुत किया। अब तक सुधार नहीं हो पाया है। अब तीन साल से किसान चक्कर काट रहा है।
8 मई 2025 को बेमचा में सुशासन तिहार का आयोजन किया गया। इसमें टहलराम निषाद ने आवेदन प्रस्तुत किया।
उसी दिन किसान को यह लिखकर दे दिया गया कि बंदोबस्त त्रुटि सुधार के लिए आवेदन विलंब से प्रस्तुत हुआ है। फिर भी किसान ने बंदोबस्त त्रुटि सुधार करने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर अनशन की चेतावनी दी है।