महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 जून। युक्तियुक्तकरण के तहत कल दूसरे दिन शाम 9 बजे तक 350 शिक्षकों की काउंसिलिंग कर सभी को पदस्थापना आदेश दे दिया गया। सोमवार को 12 प्रधान पाठक व 432 सहायक शिक्षक, कुल 444 शिक्षकों की काउंसिलिंग होनी थी। शेष 94 शिक्षकों की काउंसिलिंग भी देर रात तक पूरी कर ली गई। जिले में 703 शिक्षक अतिशेष मिले थे। इनमें से रविवार को 241 की काउंसिलिंग हुई थी और सभी को पदस्थापना आदेश जारी कर दिये गए थे। जबकि 15 शिक्षक अनुपस्थित थे।
सोमवार को भी पूर्वान्ह जिला पंचायत में काउंसिलिंग शुरू हुई। नए पदस्थापना स्थल को लेकर मन में तरह-तरह की चिंताएं लेकर जिले भर से पहुंचे शिक्षक-शिक्षिकाएं काउंसिलिंग के दौरान दिन भर अपनी-अपनी बारी का इंतजार करते रहे। कोई परिजनों के साथ तो कुछ शिक्षिकाएं छोटे-छोटे बच्चों के साथ काउंसिलिंग के लिए यहां पहुंची थी। नाम पुकारे जाने के बाद भीतर जाना, उपस्थित पंजी में हस्ताक्षर करना, स्कीन पर रिक्त सीटों वाली स्कूलों की सूची देखना और उसमें से अपनी पसंद वाली स्कूल बताना, तत्काल बाद सहमति-असहमति बताते हुए घोषणा पत्र देना, यह क्रम चलता रहा।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, सीईओ जिला पंचायत एस.आलोक, अपर कलेक्टर रविराज ठाकुर,जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरे, डीएमसी रेखराज शर्मा, सहायक संचालक शिक्षा द्वय नंदकिशोर सिन्हा तथा सतीश नायर से लेकर शिक्षा विभाग के अनेक अधिकारी व स्टॉफ इस दौरान सभागार में पूरे दिन मौजूद रहा।
कल दूसरे दिन रात 9.30 तक कुल 444 सहायक शिक्षकों में से 405 की काउंसिलिंग के साथ ही सभी को पदस्थापना आदेश भी जारी हो चुका था। शेष 39 की काउंसिलिंग भी रात 10 बजे तक कर दी गई। रविवार को पहले दिन और कल सोमवार को जिन शिक्षकों की काउंसिलिंग को लेकर समस्या थी, उनके आवेदन लिए गए तथा उनमें से अधिकांश का निराकरण भी कर लिया गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि काउंसिलिंग में अनुपस्थित रहे शिक्षकों की पदस्थापना जिला स्तरीय युक्तियुक्तकरण समिति द्वारा रिक्त पद पर की जाएगी। शिक्षक संघों के विरोध के बीच 703 अतिशेष शिक्षकों की पारदर्शिता के साथ काउंसिलिंग और तत्काल बाद पदस्थापना आदेश जारी करना प्रशासन के समक्ष एक बड़ी चुनौती थी। जिसे दोनों दिन प्रशासन के अधिकारी व स्टॉफ ने पूरे दिन और देर रात तक बैठकर पूरा किया। चाय व लंच पैकेटों की व्यवस्था भी सभागार में ही की गई थी।