महासमुन्द
किसान अकरस जोताई-खुर्रा बोनी के इंतजार में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 जून। जिले में मई के आखिरी सप्ताह हुए भारी बारिश से सूखे हुए डबरी, तालाब लबालब भर गए हैं। नदी नालों में भी पानी की धार बहने लगी है। मौसम में परिवर्तन व भारी बारिश की वजह से नौतपा में गर्मी का असर लगभग शून्य रहा। बारिश हो जाने से किसानों को भी लाभ हुआ है। किसान अब खरीफ फसल की तैयारी में जुट गए हैं। जिन किसानों की रबी फसल धान की कटाई अभी शेष है,उन्हें परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है।
मई की शुरुआत मेें महासमुंद विकासखण्ड के कई गांवों मेंं पेयजल की समस्या विकराल होने लगी थी। परन्तु अब बारिश के कारण ट्यूबवेल में भी पानी आ रहा है। डबरी, तालाब पूरी तरह सूख गए थे, जिसमें लबालब पानी जमा हो चुका है। यहां तक कि जो नाले सूखे पड़े हुए थे, उसमें भी पानी का बहाव शुरू हो गया है। जीव जंतुओं, मवेशियों को पानी के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है। पर्याप्त बारिश हो जाने के कारण खरीफ सीजन की खेती करने वाले किसानों को लाभ की आशा कर रहे हैं।
नमी पाकर खेतों में खरपतवार उग रहे हैं। किसानों का कहना है कि यदि मौसम साफ रहा तो आगे अकरस जोताई करने का लाभ मिलेगा। जिसके बाद खेतों में मौजूद खरपतवार गर्मी से मर जाएंगे। यह फसल बोआई करने में लाभदायक होगा और जिन किसानों ने पहले अकरस जोताई कर ली है उन्हें खुर्रा बोनी मौका मल जाएगा।
मालूम हो कि महासमुंद विकासखण्ड के अनेक गांवों में रबी सीजन में धान की फसल ली जा रही है, जो इन दिनों हुई भारी बारिश से नुकसान के कगार पर है। पके हुए धान की बालियों पर पानी भरा हुआ है। खेतों में पानी भरे होने तथा पर्याप्त नमी की वजह से धान कटाई करने के लिए किसानों को बहुत अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कालीदरहा, गैरों, टेमरी क्षेत्र के गांव में इसका प्रभाव अधिक दिखाई दे रहा है। इन गांवों में रबी फसल धान की कटाई शुरू भी नहीं हुई थी।
मौसम विभाग की मानें तो जिले के किसानों को मानसूनी बारिश के लिए अब सप्ताह भर और इंतजार करना पड़ेगा। दरअसल बंगाल की खाड़ी से उठा मानसून 29 मई को छत्तीसगढ़ में तो पहुंच गया। लेकिन फिलहाल वह जगदलपुर के आसपास ही अटका हुआ है। यदि सही प्रेशर नहीं बनेगा तो कोई सप्ताह भर या 10 दिन भी मानसून को सक्रिय होने में लग सकते हैं। वर्तमान में हो रही बारिश की बात करें तो मौसम विभाग इसे लोकल प्रेशर तथा प्री मानसूनी बारिश कह रहा है।
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक एसके वर्मा के मुताबिक बस्तर के आसपास के जिलों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। फलस्वरूप बस्तर में बारिश हो रही है। लेकिन जगदलपुर के आगे अधिक दबाव क्षेत्र निर्मित है। फलस्वरूप हवा का दबाव नीचे होने की वजह से पानी संघनित नहीं हो पा रहा और मानसून जगदलपुर के आसपास ही अटक गया है।
मिली जानकारी के अनुसार इस बार बीते 6 दिनों के लिये महासमुंद सहित 8 जिलों को येलो अलर्ट जोन में रखा था। इसके बाद से ही अचानक मानसून कमजोर पडक़र बस्तर में ही अटक गया। यह तो अचछी बात हुई कि फिलहाल किसान केवल जोताई में व्यस्त हैं। अन्यथा बीज डालने के बाद किसानों को और भी अधिक नुकसान उठाना पड़ता। पहले ही किसान रबी सीजन में अल्पवर्षा की मार झेल चुके हैं।
समय पूर्व मानसून आने की खबर पाक किसानों के चेहरे खिले हुए थे। जो अप रबी फसल में हुए नुकसान का भरपाई को लेकर खेती की तैयारी में जुट गए थे। खाद,बीज और नकदी ऋण लेकर किसान खेतों में जोताई आदि करने लगे थे। सप्ताह भर थरहा आदि लगाने का कार्य करते। लेकिन मई के अंतिम में हुई बारिश के बाद फिलहाल बारिश का कोई आसार दिखाई नहीं दे रहा है। जिले में 25 मई से नवतपा प्रारंभ हुआ। लेकिन नवतपा का पहला तथा तीसरा दिन बारिश में बीत गया। बाद सातवें दिन भी अंचल में जबर्दस्त बारिश के चलते नवतपा कमजोर हो गया।