महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 जून। महासमुंद जिले में शासन के निर्देशानुसार विद्यालयों का युक्तियुकरण के तहत समायोजन का काम कल रविवार से शुरू हो चुका है। कल पहले दिन जिला पंचायत के सभाकक्ष में कलेक्टर की मौजूदगी में काउंसलिंग किया जा रहा था और बाहर शिक्षक वर्ग इसका विरोध करते नारे लगा लगा रहे थे।
कल काउंसलिंग के पहले दिन कुल 256 शिक्षकों का काउंसलिंग होना था जिसमें से 241 शिक्षकों की काउंसलिंग की गई तथा उन्हें तत्काल पदस्थापना आर्डर जारी कर दिया गया। आज 2 जून को प्रधान पाठक प्राथमिक शाला, सहायक शिक्षकों का 02 जून को जिला पंचायत सभाकक्ष में उपलब्ध रिक्त पद पर कांउसलिंग जारी है। कलेक्टर ने पहला आदेश की कापी व्याख्याता निधि तिवारी को स्वयं प्रदान किया। कलेक्टर विनय लंगेह काउंसलिंग के दौरान स्वयं मौजूद रहे। साथ ही जिला पंचायत सीईओ एस आलोक, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरे सहित जिला स्तरीय समिति के सभी सदस्य मौजूद थे।
काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान अतिशेष शिक्षकों को सबसे पहले कंप्यूटरिकृत प्रोजेक्टर के माध्यम से रिक्त स्थानों की सूची प्रदर्शित की गई। जिसमें उन्हें यह पूर्ण अवसर दिया गया कि वे अपने इच्छा अनुसार स्कूल का चयन कर लें। सहमति पत्र जमा करने के पश्चात उन्हें तत्काल पद स्थापना आदेश भी जारी किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर विनय लंगेह ने कहा कि शासन के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए पूर्णत: पारदर्शी तरीके से और शिक्षकों को संतुष्ट करते हुए काउंसलिंग की प्रक्रिया की गई। किसी भी प्रकार की यदि शिक्षकों की शिकायत प्राप्त होती है तो उसे सुलझा लिया जाएगा।
कल हुए काउंसलिंग में कुल 110 अतिशेष शिक्षक हाई स्कूल, हायर सेकेण्डरी शाला अंतर्गत हुआ जिसमें 102 उपस्थित रहे। वहीं
अनुपस्थित 08 रहे। जबकि उच्च प्राथमिक शाला अतिशेष शिक्षक कुल 146 जिसमें उपस्थित 139 एवं अनुपस्थित 07 रहे। जानकारी अनुसार
युक्तियुक्तकृत एवं अन्य विद्यालयों में दर्ज संख्या के अनुपात में बसना विकासखण्ड में कुल अतिशेष शिक्षक 126, सरायपाली में 152, पिथौरा 139, महासमुंद में 211, बागबाहरा में 75 इस तरह कुल 703 शिक्षकों का नियमानुसार कांउसलिंग के माध्यम से रिक्त पदों पर समायोजन किया जायेगा। जिसमें प्राथमिक शाला अंतर्गत प्रधान पाठक के कुल 12 एवं सहायक शिक्षक के 433 अतिशेष पद हैं।
इसी तरह उच्च प्राथमिक शाला अंतर्गत शिक्षकों के कुल 146, हाई स्कूल हायर सेकेण्ड्री अंतर्गत व्याख्याताओं के 101, व्यायाम शिक्षक के एक एवं सहायक शिक्षक विज्ञान के 10 अतिशेष पद हंै। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि आज 2 जून को प्रधान पाठक प्राथमिक शाला, सहायक शिक्षकों का 02 जून को जिला पंचायत सभाकक्ष में उपलब्ध रिक्त पद पर कांउसलिंग जारी रहेगा।
उक्त काउंसलिंग में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। काउंसलिंग दिनांक को अनुपस्थित पाए जाने पर पृथक से अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा एवं रिक्त पद पद जिला स्तरीय समिति द्वारा पदस्थापना की जाएगी जा मान्य होगा।
रिक्त पदों को सार्वजनिक किया जाए- मंच
सर्व शिक्षक साझा मंच के जिला संचालक नारायण चौधरी, टेकराम सेन, ईश्वर चंद्राकर, सिराज बक्श, सुधीर प्रधान, बाबूलाल ध्रुव, दुर्वासा गोस्वामी, प्रकाश बघेल, राजेश साहू, केशव साहू, लालजी साहू, लव निर्मलकर,अजय बंजारे, प्रदीप वर्मा, देवेन्द्र चंद्राकर,पुरूषोत्तम चंद्राकर, अविनाश लाल, चमन चंद्राकर, शिक्षिका धनेश्वरी साहू, रेणु चंद्राकर, नूतन दुबे, रेखा कन्नौजे ने संयुक्त रूप कहा कि यह काउंसलिंग नियमों के विपरीत किया जा रहा है।
शिक्षकों का कहना है शिक्षा विभाग द्वारा पहले रिक्त पदों की सूची सार्वजनिक करना चाहिए, फिर दावा आपत्ति मंगाया जाना था। तब फिर उसके बाद काउंसिलिंग करना था। लेकिन यहां नियमों के विपरीत वरिष्ठ को बाहर निकाला गया है और कनिष्ठ को अंदर रखा गया है। शिक्षकों का कहना है कि 23 संगठनों ने मिलकर शासन से 2008 का सेटअप लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन किया है। लेकिन विसंगति पूर्ण युक्तियुक्तकरण और बिना पारदर्शिता के मनमाने तरीके से नियम विरूद्ध काउंसिलिंग कराया जा रहा। शिक्षकों कहना है काउंसिलिंग कराने से पहले ही कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी रिक्त पदों की जानकारी दी जाए लेकिन नहीं दिया गया।
शिक्षिका वंदना शुक्ला ने बताया कि नियमावली के अनुसार शाला में जो वरिष्ठ वो वहीं रहेगा। शाला में दो शिक्षक हैं। मैंने 10.10 बजे ज्वाइनिंग की और दूसरी टिचर्स ने 10.20 बजे ज्वाइनिंग दी। उन्हें अतिशेष मानकर हटाना था लेकिन मुझे हटाया गया। बीईओ, डीईओ और कलेक्टर को आवेदन दिया गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आनन-फानन में आदेश निकाला गया। जूनियर को रखा जा रहा है और सीनियर को निकाला जा रहा है।