महासमुन्द

मौसम की मार, धान की फसल बर्बाद
31-May-2025 4:36 PM
मौसम की मार, धान की फसल बर्बाद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बसना, 31 मई।  किसानों की हालत इन दिनों बेहद चिंताजनक बनी हुई है। रवि सीजन की धान की फसल जो पिछले एक महीने से खेतों में पककर तैयार खड़ी है, वह अब मौसम की मार और कीट प्रकोप की वजह से बर्बादी की कगार पर पहुंच गई है।

राज्य में धान की खेती बड़े पैमाने पर होती है, और ग्रीष्म ऋ तु में भी अत्याधुनिक तकनीकों की सहायता से किसान धान उत्पादन में जुटे रहते हैं। अच्छी जल उपलब्धता और शासन की योजनाओं के चलते किसान आधुनिक खेती की ओर अग्रसर तो हुए हैं, लेकिन मौसमी अनिश्चितताओं और बढ़ती लागत ने उनकी कमर तोड़ दी है।

खेती में अब अधिकतर काम मशीनों के भरोसे होता है — बोआई से लेकर कटाई तक। ऐसे में डीजल, खाद और कीटनाशक दवाओं की बढ़ती कीमतें किसानों पर अतिरिक्त भार डाल रही है।

सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि अप्रैल से तैयार फसल लगातार खेतों में खड़ी है, लेकिन बेमौसम बारिश और खेतों की गीली मिट्टी के कारण हार्वेस्टर मशीनें खेतों तक पहुंच नहीं पा रही हैं। वहीं, फसलों पर ‘’भूरा माहू’जैसे कीटों का प्रकोप भी देखने को मिल रहा है, जिससे नुकसान और बढ़ गया है।

स्थानीय किसान बताते हैं कि उन्होंने काफी लागत लगाई थी और अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन अब उन्हें भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। सरकार से अपील है कि समय रहते राहत और मुआवज़े की व्यवस्था की जाए, वरना किसान कर्ज के बोझ तले दब जाएंगे।


अन्य पोस्ट