महासमुन्द

पीएफ -पेंशन के लिए रुपए मांगे, पशु चिकित्सा उप संचालक को 5 साल कैद
31-May-2025 4:11 PM
पीएफ -पेंशन के  लिए रुपए मांगे,  पशु चिकित्सा उप संचालक को 5 साल कैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 31 मई। महासमुंद जिले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विशेष न्यायाधीश संघपुष्पा भतपहरी ने रिश्वत मामले में आरोपी को दोषी करार दिया है।

पशु चिकित्सा कार्यालय के उप संचालक उमाशंकर गुप्ता को 5 साल की सश्रम कैद की सजा सुनाई गई है। जबकि सविता त्रिपाठी को दोषमुक्त किया गया है।

 मामला सितंबर 2022 का है। सेवानिवृत्त कर्मचारी सुरेखा राउत ने एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि जीपीएफ और पेंशन के लिए कार्यालय के बाबू उमाशंकर गुप्ता ने 40 हजार रुपए की मांग की है।

एसीबी ने दोनों अधिकारियों को रंगे हाथों पकड़ा था। एंटी करप्शन ब्यूरो ने 12 अक्टूबर 2022 को ट्रैप लगाया। सुरेखा राउत 39 हजार रुपए लेकर कार्यालय पहुंचीं। रिश्वत देने के बाद एंटी कराशन की टीम ने कार्रवाई की। उमाशंकर गुप्ता और सविता त्रिपाठी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था।

कोर्ट ने आरोपी उमाशंकर को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7,12 और 13 के तहत दोषी पाया। प्रत्येक धारा में 5 साल की सजा और 20 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया है। अर्थदंड न चुकाने पर 6-6 महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। सभी सजाएं एक साथ चलेंगी।

मामले में लोक अभियोजक संजय गिरि ने पैरवी की। जबकि सविता त्रिपाठी के खिलाफ आरोप पुख्ता नहीं हो पाया है। 


अन्य पोस्ट