महासमुन्द

तीन साल से चल रहे राजस्व प्रकरण का निराकरण, कांपा की सरकारी जमीन कब्जा मुक्त, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर
30-May-2025 4:15 PM
तीन साल से चल रहे राजस्व प्रकरण का निराकरण, कांपा की सरकारी जमीन कब्जा मुक्त, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर

 पूर्व सरपंच ने खेल मैदान, श्मशान घाट भूमि पर अतिक्रमण कर लिया था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 मई। ग्राम पंचायत कांपा के आश्रित ग्राम परसवानी में खेल मैदान व श्मशान भूमि पर पूर्व सरपंच के अतिक्रमण पर प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया है। लगातार तीन साल से राजस्व विभाग में इसका प्रकरण तल रहा था। निराकरण के बाद यह कार्रवाई की गई है। यहां पूर्व सरपंच ने खेल मैदान, श्मशान घाट भूमि पर अतिक्रमण कर लिया था। जिस पर ग्रामीणों ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने राजस्व विभाग से कार्यवाई की मांग की थी।

जानकारी मिली है कि  मंगलवार को अतिक्रमण को लेकर राजस्व अमला गांव पहुंचा और ग्राम पंचायत अंतर्गत आठ एकड़ शासकीय भूमि से कब्जा हटाया। बेजा कब्जा हटाकर शासकीय भूमि को ग्राम पंचायत को सुपुर्द किया गया है। ग्रामीणों ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने तीन साल पहले राजस्व विभाग में शिकायत की थी, जिस पर कार्रवाई जारी थी। अंतत: कलेक्टर के आदेश के बाद राजस्व अमला ने अतिक्रमण हटवाया। कलेक्टर के आदेश पर राजस्व अमला ने सत्यापित कर आठ एकड़ शासकीय भूमि को कब्जा मुक्त किया। अतिक्रमण हटाने को लेकर लेकर ग्रामीणों का सहयोग रहा है। इसके बाद महासमुंद तहसीलदार टिकेन्द्र नरूटी और पटवारी तरुण चंद्राकर ने राजस्व अमला, पुलिस प्रशासन के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

इस दौरान अतिक्रमण वाले स्थान पर बुलडोजर चलाकर समतल किया गया। कार्रवाई के दौरान ग्राम पंचायत सरपंच विकास चन्द्राकर, पंच टेमन चंद्राकर, पीतांबर साहू, बेनू साहू गजेन्द्र साहू, जितेंद्र चंद्राकर, रमाकांत चंद्राकर, दीपक चंद्राकर, खोलू साहू, रोशन यादव, अशोक यादव, विक्रम यादव, मनोज सेन, राजेन्द्र चंद्राकर, अनिल चंद्राकर और गांव के कोतवाल मौजूद थे।

 

ग्राम पंचायत कांपा के सरपंच विकास चन्द्राकर ने बताया कि गांव में बेजा कब्जा बड़ी समस्या थी। पूर्व सरपंच संदीप चन्द्राकर ने  शासकीय भूमि खेल मैदान और शमशान घाट पर कब्जा कर रखा था। ग्रामीणों ने अतिक्रमण हटाने को लेकर राजस्व विभाग में केस किया था। कलेक्टर द्वारा सत्यापित होने पर प्रशासनिक अमला व ग्रामीणों की उपस्थिति में अवैध अधिक्रमण पर जेसीबी चलाकर कार्रवाई की गई। बताया गया कि पूर्व सरपंच संदीप चन्द्राकर 10 साल से शासकीय जमीन पर अतिक्रमण कर बोर खनन करा खेती कर खेती कर रहा था। श्मशान घाट पर अतिक्रमण के कारण गांव में अंतिम संस्कार के लिए पर्याप्त स्थान नहीं बचा था। यहां तक कि बच्चों के लिए खेल मैदान तक नहीं था। शिकायत के बाद प्रशासनिक अमला ने अतिक्रमण हटाया और ग्रामीणों व पंचायत ने भूमि को संरक्षित किया है।


अन्य पोस्ट