महासमुन्द
मई के शुरुआती दिनों से ही संग्राहकों को मौसम की मार का सामना करना पड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 मई। तेंदूपत्ता तोड़ाई के प्रारंभिक दिनों से ही खराब मौसम की वजह से इस वर्ष हरा सोना कहे जाने वाले तेंदूपत्ते की खरीदी लक्ष्य से 11600 मानक बोरा कम हुई। मई के शुरुआती दिनों से ही लगातार तेंदूपत्ता संग्राहकों को मौसम की मार का सामना करना पड़ा है। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इस वर्ष कुल 91300 मानक बोरा तेंदूपत्ता खरीदी का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन अंतिम दिन तक केवल 79700 मानक बोरा तेंदूपत्ता की खरीदी हो सकी। जो 44 करोड़ रुपए का है। यदि मौसम साथ देता तो राशि और भी बढ़ जाती। अब भंडारण का काम शुरू हो चुका है।
मालूम हो कि इस वर्ष तेंदूपत्ता की अच्छी फसल हुई है। लगातार मौसम की खराबी के बावजूद शुरुआती दिनों के 12 दिनों में ही लक्ष्य का 85 प्रतिशत की तोड़ाई किया जा चुका था। उम्मीद की जा रही थी कि जल्द ही तेंदूपत्ता खरीदी का लक्ष्य प्राप्त कर लिया जाएगा। लेकिन लक्ष्य 79700 मानक बोरा तक आकर सिमट गया। खराब मौसम की वजह से अनेक तेंदूपत्ता बंडल समेत गुणवत्ता हीन हो गए।
जानकारी के मुताबिक तेंदूपत्ता संग्रहण वनांचल में निवासरत ग्रामीणों के आय का प्रमुख साधन है। मार्च में शाख कर्तन के बाद 6 मई से जिले की 75 समितियों के माध्यम से 786 फड़ों से तेंदूपत्ते का संग्रहण शुरू हुआ। बाद 50-50 पत्तों का एक बंडल तैयार कर फड़ों में उसे सुखाया गया। जिसके लिए धूप की पर्याप्त आवश्यकता थी। पर्याप्त धूप न मिले तो तेंदूपत्ता के सडऩे का डर बना रहता है। इस बीच एक दो बार बारिश की वजह से कमरों में सुखाए गए। इससे पत्तों में सडऩ आ गई। फलस्वरूप बहुत से बंडल उपयोगहीन हो गए। मौसम में बदलाब के कारण तेंदूपत्ता तोड़ाई भी प्रभावित हुई।
तेंदूपत्ता तोड़ाई शुरू होने के साथ ही जंगलों में ग्रामीणों की चहल-पहल बढ़ गई थी। इस बार सीजन में तेंदूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य 91 हजार 300 मानक बोरा रखा गया है, जो गत वर्ष के बराबर है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी तेन्दूपत्ता तोड़ाई के पूर्व संग्राहकों का सर्वे किया गया। इस बार तेंदूपत्ता संग्रहण के कार्य में 70 हजार संग्राहक जुटे हुए थे। तोड़ाई और संग्रहण कार्य की मानिटरिंग के लिए फड़ों में बीट गार्ड, सचिवों की तैनाती की गई थी।
मालूम हो कि तेंदूपत्ता संग्रहण वनांचल के ग्रामीणों के आय का बड़ा जरिया है। इसी आय से इनकी गुजर-बसर होती है और यही कारण है कि इस कार्य में पूरा परिवार जुटा रहता है। पिछले साल तेंदूपत्ता प्रति मानक बोरा की बढ़ोत्तरी कर 5500 रुपए कर दी है। जबकि इससे पूर्व यह दर 4 हजार रुपए मानक बोरा था। इस तरह तेंदूपत्ता संग्रहण की मजदूरी डेढ़ हजार रुपए बढ़ा दी गई थी।
विभागीय जानकारी अनुसार पिछले साल 2024 में 91300 मानक बोरा लक्ष्य था और 70301 मानक बोरा की खरीदी हुई। इसी प्रकार 2023 में 91300 मानक बोरा लक्ष्य में से 70 हजार मानक बोरा,2022 में 95400 मानक बोरा लक्ष्य में से 82 हजार 300 मानक बोरा, 2021 में 95400 मानक बोरा लक्ष्य में से जिसमें 74409 मानक बोरा, 2020 में 51840 मानक बोरा तेंदूपत्ता की खरीदी हुई थी।