महासमुन्द

शराब पीते तीन पकड़ाए, ढाबा सील
29-May-2025 3:04 PM
शराब पीते तीन  पकड़ाए, ढाबा सील

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 29 मई। स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार की रात सरायपाली स्थित न्यू पंजाब ढाबा में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान ढाबा परिसर में तीन व्यक्ति शराब सेवन करते हुए रंगे हाथों पकड़े गए। जिन्हें मौके पर हिरासत में लेकर थाने भेज दिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा ढाबा को नियमों के विरुद्ध संचालन तथा अवैध रूप से शराब परोसने के आरोप में तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार न्यू पंजाब ढाबा में पिछले कई दिनों से अवैध रूप से शराब परोसे जाने की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने यह कार्रवाई की। छापे के दौरान मौके से शराब की खुली बोतलें, गिलास तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है।

ढाबा संचालक के विरुद्ध भी अवैध शराब विक्रय एवं परोसने के आरोप में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जब्त की गई शराब के नमूनों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।


अन्य पोस्ट