महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 26 मई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अंकित बागबाहरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन के वित्त विभाग द्वारा अधिकृत और स्वीकृत सेटअप 2008 के अनुसार ही पूरे प्रदेश के शिक्षा विभाग और शिक्षकों का पद स्वीकृत किया गया है एवं वेतन आहरण किया जा रहा है, इसके आधार पर ही वित्तीय व्यवस्था संचालित की जा रही है फिर भी शिक्षा विभाग युक्तियुक्तकरण के मामले में सेटअप को दरकिनार कर केवल और केवल शिक्षा के अधिकार कानून की आड़ में प्रदेश भर के प्राथमिक शाला और पूर्व माध्यमिक शाला में शिक्षकों के एक-एक पद कम करने का प्रयास कर रहा है।
अंकित बागबाहरा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए आगे कहा कि प्रदेश में वर्तमान में शासकीय शिक्षकों के बताए अनुसार 43839 प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक शालाओं में 1 - 1 पद सेटअप 2008 से कम कर समाप्त करने की साजिश की जा रहा है, सेटअप छत्तीसगढ़ के शिक्षा विभाग और शिक्षा विभाग के कर्मचारी व शिक्षकों के लिए बनाया गया है उसी सेटअप के आधार पर ही पदस्थापना की गई है अब उसे किनारे करते हुए जानबूझकर शिक्षकों को अतिशेष घोषित किया जा रहा है। अंकित ने कहा कि सीधी सी बात है कि प्रदेश में 53000 पद शिक्षकों के रिक्त हैं, ऐसे पदों की पूर्ति वर्तमान में करना न पड़े,इसलिए ये सब किया जा रहा है। यह प्रशिक्षित बेरोजगारों को रोजगार से वंचित करने का एक प्रयास है। शासन द्वारा यह पक्ष लाया गया कि प्राथमिक शाला में 2 ही कमरे होते हंै।
यह दावा पूर्णत: गलत है, कई प्राथमिक शालाओं में 5 कमरे के साथ 2, 3 अतिरिक्त कक्ष बना हुआ है, जहाँ 1 से 5 तक सभी कक्षा पृथक पृथक बैठाया जाता है, इसीलिए न्यून्तनम छात्र संख्या पर 1+2 तीन शिक्षक सेटअप में प्रदत्त है।
अंकित ने बताया कि असल में शिक्षा विभाग के शिक्षकों से अन्य विभाग के कार्य क्यों कराया जा रहा हैं, वर्ष भर 127 अलग अलग गैर शैक्षणिक कार्य अन्य विभागों के कराये जाते है, शिक्षकों के मूल कार्य शिक्षण से वंचित कर अन्यत्र संलन किया जाता है, इससे ही गुणवत्ता प्रभावित होती है।