महासमुन्द

निर्माण कार्य में रखें गुणवत्ता का विशेष ध्यान-नपाध्यक्ष
27-May-2025 2:57 PM
निर्माण कार्य में रखें गुणवत्ता का विशेष ध्यान-नपाध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 27 मई। स्थानीय बरोंडा चौक से कलेक्टर बंगला तक सडक़ चौड़ीकरण व पीएचई के सामने से बड़ी नाली निर्माण कार्य का नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कल औचक निरीक्षण किया। निर्माण में लगे ठेकेदार को उन्होंने पानी निकासी के लिए ढलान पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही भविष्य में नाली ओवर फ्लो ना हो यह ध्यान रखकर नाली निर्माण करने सख्त निर्देश दिए।

 

इस दौरान सब इंजीनियरों एवं सुपरवाइजर्स को उन्होंने कड़ी निगरानी के निर्देश देते हुए कहा कि सडक़ के जद में आने वाले विद्युत पोलों के शिफ्टिंग कार्य में भी गति लाएं। श्री साहू ने कहा कि नगरवासियों की बहुप्रतिक्षित मांग बरोंडा चौक से कलेक्टर बंगला तक मार्ग का सौंदर्यीकरण व चौड़ीकरण कार्य हो रहा है। चौड़ीकरण होने से आवागमन में सुगमता होगी तथा दुर्घटनाओं में कमी आएगी। अत: सभी यह ध्यान रखें कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही ना हो तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण हो सके।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य होते तक प्रतिदिन वे स्वयं परिषद के सदस्यों के साथ निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान सभापति गुलशन साहू, सभापति जय देवांगन, पार्षद नीरज चंद्राकर आदि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट