महासमुन्द

सुबह से झमाझम बारिश, आज से 3 दिनों तक येलो अलर्ट जारी
24-May-2025 4:26 PM
सुबह से झमाझम बारिश, आज से 3 दिनों तक येलो अलर्ट जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 24 मई। आज सुबह से महासमुंद में जिला मुख्यालय समेत जिले भर में झमाझम बारिश जारी है। मौसम विभाग ने आज से अगले 3 दिनों के लिए अंधड़-बारिश तथा वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। पखवाड़े भर से पड़ रही चिलचिलाती गर्मी की वजह से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित था, लेकिन इस बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बीती रात हुई हल्की बारिश ने थोड़ी राहत दी थी और आज सुबह तक तापमान में गिरावट आई थी।

 

गौरतलब है कि इस बार मानसून शीघ्र आने की संभावनाएं भी मौसम वैज्ञानिक जता रहे हैं। जानकारी के अनुसार मौसम विभाग ने कुल 10 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। जिसमें महासमुंद भी शामिल है।

मौसम विभाग के अनुसार समुद्री लहरों की वजह से चक्रवात ने यूटर्न ले लिया है। विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार एक द्रोणिका बस्तर तथा दक्षिण छत्तीसगढ़ के आसपास एक किमी दिखाई दे रहा है। इसके चलते 10 जिलों में बारिश की प्रबल संभावनाएं जताई गई है।

वहीं एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण ओडिशा तथा उससे लगे उत्तर पश्चिम के ऊपर 1.5 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। वैज्ञानिकों के मुताबिक बारिश के चलते 1.2 स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने, वज्रपात होने तथा भारी वर्षा होने की भी संभावना है।

इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक होने की संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: दक्षिण छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है। अगले 3 दिनों तक अधिकांश स्थानों पर मध्यम से तेज वर्षा होने की सम्भावना बनी हुई है।


अन्य पोस्ट