महासमुन्द

बीएड-डीएड प्रशिक्षितों ने घेरा कलेक्टोरेट
24-May-2025 3:13 PM
 बीएड-डीएड प्रशिक्षितों ने घेरा कलेक्टोरेट

ज्ञापन सौंप कहा युक्तियुक्तकरण समाप्त कर

 57 हजार शिक्षकों की भर्ती शीघ्र करें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,24 मई। बीएड-डीएड प्रशिक्षित बेरोजगारों ने कल युक्तियुक्तकरण का आदेश निरस्त करने तथा 57 हजार शिक्षकों की भर्ती शीघ्र करने की मांग को लेकर मध्यान्ह में कलेक्टोरेट का घेराव करते हुए सरकार के विरूद्ध जमकर नारेबाजी की और बाद में कलेक्टोरेट मुख्य द्वार के समक्ष कड़ी धूप में सडक़ पर धरना देने बैठ गए।

छत्तीसगढ़ प्रशिक्षित डीएड एवं बीएड संघ के प्रदेश आव्हान पर कल जिले भर से संघ के सैकड़ों सदस्य पटवारी कार्यालय के समीप धरना स्थल पर एकत्र हुए। पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक करीब ढाई सौ सदस्य धरना स्थल पर जुट गए थे। इनमें महिला सदस्यों की संख्या ज्यादा थी। धरना स्थल में प्रदेश से आए डीएड, बीएड कला संकाय प्रशिक्षित संघ के प्रदेशाध्यक्ष कामेश्वर यादव और अरविंद आर्य तथा स्थानीय पदाधिकारियों ने सदस्यों को संबोधित किया।

छत्तीसगढ़ प्रशिक्षित डीएड एवं बीएड संघ जिला महासमुंद ने युक्तियुक्तकरण आदेश निरस्त करने की मांग की। धरने के दौरान सदस्य नारेबाजी कर सरकार निर्णयों का विरोध करते रहे।

प्रदर्शन के बाद मध्यान्ह में करीब 2 बजे संघ के सदस्य रैली की शक्ल में नारेबाजी करते हुए कलेक्टोरेट पहुंचे। जहां संघ के धरना-प्रदर्शन की पूर्व सूचना मिलने पर पहले से पुलिस बल कलेक्टोरेट के मुख्य द्वार पर तैनात था। संघ के जिलाध्यक्ष संजय कुमार ओगरे, उपाध्यक्ष मोतीलाल यादव, संरक्षक तेजराम सोनी, यामिनी साहू प्रदेश उपाध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ के नेतृत्व में सदस्य कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपने कलेक्टोरेट के भीतर जाना चाहते थे। लेकिन पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद जमकर नारेबाजी करते हुए सभी मुख्य द्वार के समक्ष ही सडक़ पर धरना देने बैठ गए। कहा कि नारेबाजी और प्रदर्शन के बाद अनुमति मांगें पूरी नहीं हुई तो एक जून से बेमुद्दत हड़ताल की चेतावनी दी है।

             

  संघ के जिलाध्यक्ष संजय कुमार ओगरे ने बताया कि संघ की मांगें 31 मई 2025 तक पूरी नहीं होने पर प्रदेश कार्यकारिणी के आव्हान पर आगामी 1 जून से पूरे प्रदेश में संघ के सदस्य अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन और आंदोलन करेंगे। श्री ओगरे ने बताया कि महासमुंद जिले में संघ के 33 हजार सदस्य हैं। हमने अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में संघ ने युक्तियुक्तकरण का आदेश निरस्त करने, भाजपा द्वारा चुनाव पूर्व मोदी की गारंटी के तहत की गई घोषणानुसार 57 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने तथा स्कूल शिक्षा विभाग के 2008 के सेटअप को यथावत रखने की मांग की है। सदस्यों ने बताया कि युक्तियुक्तकरण से स्कूलों की दूरी बढ़ जाएगी। जिससे बच्चों को स्कूल जाने में कठिनाई होगी। इतना ही नहीं, इससे शिक्षा की गुणवत्ता भी प्रभावित होगी।


अन्य पोस्ट