महासमुन्द
गांव से सामाजिक बहिष्कार कर हुक्का पानी बंद करने का मामला प्रकाश में आया था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23मई। बसना विकास खंड के ग्राम बुटीपाली के 3 परिवार के लोगों को ग्राम से सामाजिक बहिष्कार कर हुक्का पानी बंद करने का मामला प्रकाश में कल आया था। तीन परिवार के मुखियाओं ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक तथा कलेक्टर जनदर्शन में की थी। आवेदक राजेश कुमार पिता रामदयाल मरार, झंगलू सिंह पिता कंवल सिंह गोड़, बुधराम पिता चंद्रिका साहू सभी निवासी बुटीपाली बसना ने ज्ञापन में बताया था कि ग्राम के सरपंच रोहित साहू सरपंच, तोपचंद पटेल पंच, मनोज खटकर पंच, नगेश्वर भोई, लक्ष्मीनारायण साहू का आवेदकों ने 2025 के पंचायत चुनाव में साथ नहीं दंगे। फलस्वरूप चुनाव जीतने के बाद सरपंच ने उन्हें ग्राम से पूर्ण रूप से बहिष्कृत करवा दिया था।
बहिष्कार के दौरान गांव में राशन की दुकान से सामान लेने, गाड़ी, ट्रैक्टर, जेसीबी, किराये पर न देने, सगा-पहुना में आना जाना, चोंगी माखुर, खाना-पीना बंद करने, गांव से नाई, धोबी बंद करने, बातचीत बंद करने, सरकारी योजना तथा गांव में रोजी मजदूरी करने पर पूर्ण पाबंदी लगा दी गई थी। जो भी व्यक्ति इन आवदेकों से बात करता था, उससे गांव वाले 5 हजार रुपए जुमाना वसूल करते थे। गांव के ही दरस पिता टेंगनू, पिंटू श्रीवास पिता देवा, तीरथ पिता पिरीत सोनी से आवेदकों ने बात की तो उन्हें 5-5 हजार रुपए जुर्माना लिया गया।
आवेदकों ने कलेक्टर को बताया था कि हम लोग बहुत पीडि़त हैं। गांव में हमारे परिवार का रहना मुश्किल हो गया है। आवेदकों ने कहा कि भविष्य में हमारे परिवार के साथ कुछ भी अप्रिय घटना घटित होती है तो उसकी संपूर्ण जवाबदारी अनावेदकों की होगी। उन्होंने कलेक्टर,एसपी से गुहार लगाई कि अनावेदकों के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई किये जाने हेतु आदेश दिया जावे।
कलेक्टर जनदर्शन में मिले आवेदन एवं छत्तीसगढ़ अखबार में प्रमुखता के साथ प्रकाशित खबर पर जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए नायब तहसीलदार अर्पण कुर्रे को ग्राम बूटीपाली भेज कर लोगों को समझाइश देने निर्देशित किया था। कल गुरुवार को नायब तहसीलदार अपूर्ण कुर्रे पुलिस प्रशासन के साथ गांव में ग्रामीणों की वृहद मीटिंग ली। इस दौरान सभी परिवार के सदस्यों को मीटिंग में बुलाया गया। इसके अलावा आवेदक-अनावेदक, सरपंच, पंच, ग्राम प्रमुखों को मीटिंग में बुलाकर समझाइश दी गई। किसी भी व्यक्ति के समाज या गांव से बहिष्कार करने को कानून के विपरीत बताते हुए उन्हें इस प्रकार की कार्रवाई से बचने का सुझाव दिया गया। अंतत: प्रशासन के समझाईश के बाद पूर्व की तरह रहने तैयार हुए।