महासमुन्द

फार्मासिस्ट हत्या: नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
14-May-2025 2:44 PM
फार्मासिस्ट हत्या: नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

बताया-फिरौती की राशि नहीं मिली तो मार दिया

 मृतक की 15 दिन पहले हुई थी शादी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,14 मई। हाल ही में बागबाहरा के ग्राम टोगोंपानी में चेहरे पर टेपिंग कर हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने फिरौती को लेकर फार्मासिस्ट मानस रंजन त्रिपाठी की हत्या कर दी। मालूम हो कि 9 मई को टोगोंपानी में एक युवक का शव मिला था। उसकी पहचान मानस रंजन त्रिपाठी ओडिशा नुआपाड़ा के रूप में हुई। अब इस मामले में परसु डड़सेना मौंहाभांठा, थाना नुआपाड़ा, गणपत डड़सेना मौहाभांठा एवं सरोज डड़सेना गरतोर थाना नुआपाड़ा एवं एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। जिसमें विधि से संघर्षरत नाबालिग को न्यायिक रिमांड में भेजा गया है तथा दो आरोपियों को जेल दाखिल कराया गया है।  बताया गया है कि मृतक रंजन का विवाह बमुश्किल 15 दिन पहले ही पिथौरा में हुआ था। फिरौती के इरादे से मानस का अपहरण व हत्या कर युवकों ने त्रिपाठी परिवार पर दुख का पहाड़ खड़ा दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने फि रौती वसूल करने के उद्देश्य से उसका अपहरण कर लिया और जब वे फिरौती नहीं वसूल पाये तो उसकी हत्या कर दी। यही नहीं, साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से उसका शव कार से टोगोंपानी में लाकर फेंक दी थी। लेकिन वे पुलिस की सक्रियता से अधिक देर नहीं बच सके और पुलिस की गिरफ्त में आ गये।

 पुलिस ने सभी अरोपियों को बीएनएस की धारा 103-1, 238, 140-1, 308-4, एवं 3-5 के तहत गिरफ्तार कर लिया है।

 

पुलिस के अनुसार टोगोंपानी में उक्त मृतक का शव दोनों हाथ व मुंह प्लास्टिक टेप से बंधा मिला था, उसी समय पुलिस को हत्या का आभास हो गया था कि यह हत्या का ही मामला है। उसकी शिनाख्त ओडिशा नुआपाड़ा के मानस रंजन त्रिपाठी पिता मनबोधी त्रिपाठी के रूप में हुई थी। पीएम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण दम घुटना होना प्रतीत होने पर पुलिस ने अपनी तत्पीश में तेजी लाई और विभिन्न कोणों के माध्यम से वह परशुराम डड़सेना के पास जा पहुंची।

पुलिस का कहना है कि शुरू में आरोपियों ने झूठ बोलकर पुलिस को गुमारह करने की कोशिश की। लेकिन उसमें कामयाब नहीं हो सके और हत्या की बात स्वीकार कर अपने साथियों के नाम का खुलासा कर दिया। आरोपियों ने पुुलिस को बताया कि तीनों दोस्त सरोज कुमार, गणपत डड़सेना एवं एक नाबालिग के साथ मिलकर फिरौती लेने के उद्देश्य से मृतक को नुआपाड़ा के सुख सागर रेस्टोरेंट के पास बुलाकर उसका अपहरण किया। उसके हाथ, मुंह को टेप से बांधा और गणपत की तवेरा कार से एक स्थान पर ले गये। वहां फि रौती वसूल करने में असफल होने पर उसकी हत्या कर दी।


अन्य पोस्ट