महासमुन्द

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आज महासमुंद में पौने 4 हजार लाभार्थियों के लिए गृह प्रवेश उत्सव
13-May-2025 4:04 PM
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आज महासमुंद में पौने 4 हजार लाभार्थियों के लिए गृह प्रवेश उत्सव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,13 मई। जिला पंचायत महासमुंद से मिली जानकारी के अनुसार जिले में इस विशेष अवसर पर गृह प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसमें कुल 3 हजार 752 नवनिर्मित आवासों का गृह प्रवेश समारोह सम्पन्न होगा। जिला पंचायत महासमुंद से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में विशेष अवसर पर गृह प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस उत्सव के अंतर्गत कुल 3हजार 752 नवनिर्मित आवासों का गृह प्रवेश समारोह सम्पन्न होगा। जिले की पांचों जनपद पंचायतों में लाभार्थी परिवारों को आवास इस प्रकार प्रदान किए जाएंगे। जिसमें महासमुंद जनपद पंचायत में 713 परिवारों को,बागबाहरा जनपद पंचायत में 964 परिवारों को, पिथौरा जनपद पंचायत में 884 परिवारों को नवनिर्मित आवास वितरित किए जाएंगे।

 

इसी प्रकार से सरायपाली जनपद पंचायत में 757 परिवारों को और बसना जनपद पंचायत में 434 परिवारों को आवास प्रदान किए जाएंगे। गृह प्रवेश कार्यक्रम को यादगार बनाने हेतु प्रत्येक लाभार्थी के घर में दीप प्रज्वलन, रंगोली सजावट, स्वागत तोरण तथा हवन-पूजन जैसी सांस्कृतिक एवं धार्मिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी को प्राथमिकता दी गई है, जिससे जनभागीदारी को बढ़ावा मिले और समुदाय का सशक्त जुड़ाव सुनिश्चित किया जा सके। इसके अलावा, गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित अन्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और उन्हें संबंधित योजनाओं से जोडऩे की पहल की जाएगी। इस समन्वय का उद्देश्य केवल एक आवास देना नहीं, बल्कि लाभार्थियों के जीवन में सामाजिक एवं आर्थिक बदलाव लाना है।

मालूम हो कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत छत्तीसगढ़ के 51 हजार से अधिक परिवार अब अपने नये पक्के घरों में बसने जा रहे हैं। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में 13 मई को पूरे राज्य में गृह प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसका मुख्य कार्यक्रम सरगुजा जिले के अंबिकापुर में आयोजित किया जाएगा। जहां भारत सरकार के ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।


अन्य पोस्ट