महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12मई। बसना क्षेत्र स्थित ग्राम मिलाराबाद में जैविक कृषि को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी की सबसे विशेष बात यह रही कि इसमें कृषि मंत्री राम विचार नेताम के जैविक कृषि संबंधी उद्बोधन को लाइव प्रसारण के माध्यम से किसानों ने सुना। जैविक खेती को लेकर संभावना तथा सरकार के सकारात्मक उद्बोधन से प्रभावित होकर संपूर्ण ग्राम के किसानों ने वर्ष 2025 में लगभग 200 एकड़ भूमि पर जैविक खेती करने का संकल्प लिया।
इस कृषक गोष्ठी का आयोजन सामाजिक संगठन निदान सेवा परिषद द्वारा किया गया। संस्था के प्रमुख पदाधिकारियों ने गांव में किसानों को जागरूक किया। जैविक खेती के लाभों को समझाया और रासायनिक खेती से हो रहे दीर्घकालिक नुकसान पर तथ्यपरक संवाद किया। कृषि मंत्री राम विचार नेताम का जैविक खेती पर आधारित भाषण प्रसारित किया गया। इसके वैज्ञानिक आधार और सरकार सरकार की की योजनाओं की जानकारी ने किसानों को प्रभावित किया।
मिलाराबाद के सभी कृषकों ने एकमत होकर जैविक खेती अपनाने का संकल्प लिया। उन्होंने तय किया कि वर्ष 2025 में गांव की लगभग 200 एकड़ कृषि भूमि को पूर्णत: जैविक खेती के लिए समर्पित किया जाएगा। गोष्ठी में यह भी चर्चा हुई कि जैविक उत्पादों का केवल उत्पादन पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रसंस्करण, ब्रांडिंग और विपणन आय का साधन बन सकता है।
इस दौरान कई महिला कृषकों ने अपने अनुभव साझा किए और कहा कि जैविक खेती उनके लिए स्वास्थ्य, पोषण और आय का साधन बन सकती है। उन्हें प्रशिक्षण व संसाधन उपलब्ध कराए जाने की आवश्यकता है ताकि वे परिवार और गांव की आर्थिक उन्नति में भूमिका निभा सकें।