महासमुन्द
खुद ही अपना मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने वाले के खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 मई। महासमुंद कलेक्टर विनय लंगेह ने हाईकोर्ट के आदेश पर ग्राम पंचायत बरेकेल में जीवित व्यक्ति का मृत्यु प्रमाण जारी करने के संबंध में न्यायालयीन प्रकरण में जांच कर 24 अक्टूूबर 2024 को आदेश पारित किया। यही नहीं कलेक्टर ने सीईओ जिपं महासमुंद को आदेश भी दिया, लेकिन जांच के बाद भी कार्रवाई नहीं हो पाई है। इस मामले में दो पंचायत सचिव रविलाल चौहान व श्वेत कुमारी माछु को निलंबित करके विभागीय जांच संस्थित करने एवं बरेकेल निवासी जयप्रकाश बघेल के विरूद्ध एफ आईआर दर्ज किया जाना था, लेकिन आज पर्यन्त जयप्रकाश बघेल पर एफ आईआर दर्ज नहीं किया गया है।
आरटीआई कार्यकर्ता विनोद दास ने बताया कि जिपं सीईओ महासमुंद ने 12 नवम्बर 2024 को जपं पिथौरा को एक पत्र भेजकर खानापूर्ति कर दिया है। इस बात की भी तस्दीक नहीं किया कि इस प्रकरण में एफ आईआर दर्ज हुआ भी है अथवा नहीं। सीईओ जिपं द्वारा भेजे गये 12 नवम्बर के पत्र में सूचना एवं कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी बसना को प्रतिलिपि दिया गया है। जबकि सीईओ जपं पिथौरा के अनुसार बरेकेल का क्षेत्र थाना भंवरपुर में आता है। लिहाजा जयप्रकाश बघेल के विरूद्ध अभी तक एफआईआर दर्ज नहंीं हुआ है। हालांकि भवंरपुर थाना में एफआईआर दर्ज करने हेतु दस्तावेज प्रस्तुत कर दिया गया है।
मामला यह है कि विनोद कुमार दास ने आरटीआई के तहत ग्राम पंचायत बरेकेल का जीवित व्यक्ति का पंचायत सचिव के द्वारा मृत्यु प्रमाण पत्र जारी रखने के संबंध में अमिताभ जैन मुख्य सचिव,निहारिका बारीक प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को 10 जून 2024 को लिखित शिकायत किया था। जिसमें जांचकर्ता अधिकारी संजय कुमार साहू सहायक सांख्यिकी अधिकारी,यशवंत ध्रुव सहायक विस्तार अधिकारी, सुशील कुमार चौधरी करारोपण अधिकारी ने 9 बिन्दुओं में जांच भी की। जांच में शिकायत सही मिली। जांच प्रतिवेदन 15 जुलाई 2024 को जिला पंचायत महासमुंद में सौंपा गया। जांच में पाया गया कि जयप्रकाश बघेल बरेकेल पंचायत में भृत्य का कार्य करता था। कम्प्यूटर का ज्ञान रखता था। इसलिए पंचायत सचिव श्वेत कुमारी माछु और रविलाल चौहान दोनों उससे सभी तरह के विभागीय कार्य करवाते थे। उसी के मोबाइल में ओटीपी आता था। अफसरों ने उसे पासवर्ड भी दे रखा था। जयप्रकाश बघेल ने जीवित होते हुए खुद ही अपना मृत्यु प्रमाण बनाया था। उक्त अवधि में पंचायत सचिव रविलाल चौहान था।
इस दौरान जयप्रकाश बघेल ने खुद ही कलेक्टर कार्यालय में शिकायत की थी कि जीवित रहते हुए भी पंचायत सचिव ने उनका मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा दिया है। जिस कारण से वह शासन की योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहा है। इस प्रकरण को लेकर वो छग हाईकोर्ट में रिट याचिका प्रस्तुत किया था। जिस पर जांच में पाया गया कि जयप्रकाश बघेल ने खुद ही अपना मृत्युप्रमाण पत्र बनाया और खुद ही सचिव पर आरोप लगाया था। इस बाबत कलेक्टर विनय लंगेह के न्यायालय के आदेश को मानते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराने के निर्देश अपने मातहातों को दिए थे लेकिन जिम्मेदारी अधिाकरियों ने उनके आदेश को लेकर किसी तरह रुचि नहीं दिखाई है।