महासमुन्द

10 हैण्डपम्प, 8 सूखे, 2 में पानी लाल, खेत के बोर से पानी लाने मजबूर
05-May-2025 4:20 PM
10 हैण्डपम्प, 8 सूखे, 2 में पानी लाल, खेत के बोर से पानी लाने मजबूर

पंचायत सुअरमाल के आश्रित गांव बांधापार का हाल

छत्तीसगढ़ संवाददाता

 महासमुंद, 5 मई। यह तस्वीर महासमुंद जिले के ग्राम पंचायत सुअरमाल के आश्रित गांव बंाधापार की है। इस गांव की जनसंख्या एक हजार है। यहां 10 हैण्डपम्प हैं। जिसमें से 8 में पानी नहीं आता। बाकी बचे 2 हैण्डपंपों का पानी लाल निकलता है जिसे कोई नहीं पी सकता।

  

  पंचायत के खर्च पर निजी बोर से पाईप लाईन बिछाकर छोटी-छोटी टंकियों में पानी भर कर ग्रामीण निस्तारी कर रहे थे। इस बार भीषण गर्मी की वजह से वह बोर भी जवाब दे दिया। इस पर भी समस्या यह है कि गांव में एक भी तालाब नहीं है। गांव का जल स्तर नीचे चला गया है। प्रशासन से लगातार ग्रामीण गुहार लगा रहे हंै, पर अभी तक समुचित व्यवस्था नहीं हो पाई है। लिहाजा ग्रामीण अपनी दिनचर्या के लिये एक किलोमीटर मीटर दूर स्थित एक खेत के बोर से पानी लाने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक बीते 5-6 महीने से यहां पानी की किल्लत है।  लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता डी पी वर्मा के  अनुसार यहां जांच करा पानी के स्रोत का पता लगाकर बोर खनन कराया जाएगा।


अन्य पोस्ट