महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 3 मई। बागबाहरा विकासखण्ड की दो बेटियों ने आठवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर टॉप स्थान प्राप्त किए हैं। शासन द्वारा लंबे अंतराल के बाद पुन: शुरू की गई आठवीं बोर्ड परीक्षा में पीएम श्री आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, बागबाहरा की छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
जसप्रीत कौर बग्गा ने 97.7 फीसदी अंक अर्जित कर विकासखण्ड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जान्हवी यादव ने 97.2 फीसदी अंक लाकर द्वितीय स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि से पूरा विद्यालय परिवार, अभिभावकगण और क्षेत्रवासी हर्षित हैं।
जैसे ही परिणाम की घोषणा हुई, विद्यालय में जश्न का माहौल बन गया। शिक्षकों और सहपाठियों ने तालियों की गडग़ड़ाहट और फूल-मालाओं से दोनों छात्राओं का अभिनंदन किया। प्रधानाचार्य और स्टाफ ने छात्राओं की मेहनत को सराहा और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
विधायक ने मिठाई खिलाकर दी बधाई
पूर्व संसदीय सचिव एवं वर्तमान विधायक द्वारिकाधीश यादव स्वयं दोनों छात्राओं के घर पहुंचे, जहां उन्होंने दोनों को मिठाई खिलाकर उनकी सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा, बेटियों ने आज क्षेत्र का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है। इनकी सफलता आने वाली पीढिय़ों को प्रेरणा देगी।
यह क्षण भावुकता से भरा
जसप्रीत कौर बग्गा के पिता बलवीर बग्गा, जो इस विद्यालय के विधायक प्रतिनिधि हैं, ने कहा, मेरे लिए यह क्षण भावुकता से भरा है। मेरी बेटी ने जो किया है, वह हर माता-पिता का सपना होता है।
सफलता का मूल मंत्र मेहनत और समर्पण
वहीं जान्हवी यादव के पिता हेमंत यादव एवं माता ज्योति यादव ने बेटी की मेहनत और समर्पण को उसकी सफलता का मूल मंत्र बताया। दादाजी केशव राम यादव ने कहा, बेटी ने हमारे कुल का नाम रोशन किया है।
इस खबर के फैलते ही बागबाहरा क्षेत्र में बधाइयों का तांता लग गया। स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, शिक्षकगण एवं ग्रामीणजन दोनों छात्राओं और उनके परिवारों को बधाई देने उनके घर पहुंच रहे हैं।
जब पूछा गया कि वे इस सफलता का श्रेय किसे देती हैं, तो जसप्रीत कौर ने कहा, मेरे माता-पिता और शिक्षकों की प्रेरणा और मेरे निरंतर अभ्यास ने मुझे इस मुकाम तक पहुँचाया।
जान्हवी यादव ने कहा, हर दिन नियमित अध्ययन और अपने लक्ष्य पर फोकस ही मेरी सफलता की कुंजी रही है।