महासमुन्द

युवक की धारदार हथियार से हत्या, पिता हिरासत में, पूछताछ
29-Apr-2025 4:17 PM
युवक की धारदार हथियार से हत्या, पिता हिरासत में, पूछताछ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 अप्रैल।
जिसे के बसना शहर से महज चार किलोमीटर दूर पर्रापाठ में कल सुबह एक 19 वर्षीय युवक की बिस्तर पर लाश मिली। पुलिस ने प्रथम दृष्टया धारदार हथियार से उसके सिर में हमला कर हत्या का मामला बताया है। बसना पुलिस मृतक के पिता को गिरफ्तार कर मामले की विवेचना करने में जुटी हुई है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार कमल दास पर्रापाठ अपने अपाहिज पिता धरम दास मानिकपुरी के साथ तालाब किनारे अपने मकान में रहता था। बस्ती से दूर होने के कारण रात में लोगों को उसकी चीख पुकार या किसी से विवाद होने की जानकारी नहीं मिल पाई। ग्रामीणों ने बताया कि धरमदास के पिता कार्तिक दास ग्राम कोटवार था। विगत डेढ़ साल पहले कोटवार कार्तिक दास के निधन के पश्चात धरमदास की माता उसकी बेटी दामाद के यहां रामभाठा में रहती थी। 

 

जानकारी अनुसार बस्ती से दूर तालाब किनारे अपने खेत में मकान बना कर कमल दास 19 वर्ष एवं उसके अपाहिज पिता धरम दास 45 वर्ष दोनों घर में ही रहते थे। कल सुबह कमल दास की खून से सनी बिस्तर में लाश मिली। उसके पिता धरम दास ने ही गांव के लोगों और उनके परिजनों को कमल दास की मौत की सूचना दी। ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिलते ही वहां पहुंचे। पुलिस 112 एंबुलेंस टीम घटना स्थल पहुंची। साथ ही बसना थाना पुलिस स्टाफ भी हत्या का मामला होने के कारण तत्काल घटना स्थल पहुंची। अज्ञात आरोपी द्वारा हत्या किए जाने की प्रथम दृष्टया जानकारी होने पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। बाद में घर में मौजूद उसके अपाहिज पिता धरमदास को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ताकि हत्या का खुलासा हो सके। फिलहाल बसना पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई के बाद कमल दास के शव को पोस्टमार्टम हेतु चीरघर बसना लाया गया जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बसना पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है। 

लोगों ने संदेह व्यक्त किया है कि दोनों शराब सेवन के आदी थे। पिता पुत्र में किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा। पिता पर ही पुत्र की हत्या करने का संदेह किया जा रहा है। समाचार लिखते तक पुलिस ने मामले का पटाक्षेप नहीं किया है। 


अन्य पोस्ट