महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 अप्रैल। कल रविवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 121वें एपिसोड का प्रसारण हुआ। महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने भाजपा नेताओं के साथ मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण देखा। इस बार भी प्रधानमंत्री ने अलग-अलग क्षेत्रों व मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता बंटी शर्मा, संदीप घोष, हरवंश सिंह मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस आतंकी हमले के बाद पूरा देश एक स्वर में बोल रहा है। पूरे विश्व ने संवेदना प्रकट की है। पीडि़त परिजनों को न्याय जरूर मिलेगा। आगे कहा कि कश्मीर में शांति लौट रही थी। लेकिन जम्मू-कश्मीर के दुश्मनों को ये रास नहीं आया। इसके साथ ही उन्होंने देश को ग्लोबल स्पेस पावर बनाने की बात भी कही। पूर्व इसरो प्रमुख डा.कस्तूरीरंगन को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि आज भारत जिन उपग्रहों का उपयोग करता है। उनमें से कई कस्तूरीरंगन की देखरेख में लॉन्च की गई थी। उनका व्यक्तित्व खास था और युवा पीढ़ी उनके कार्यों से बहुत कुछ सीख सकती है। नया सीखने, जानने और कुछ नया करने का उनका दृष्टिकोण प्रेरणादायक था। प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं के अलावा म्यांमार के लिए ऑपरेशन ब्रह्मा, अफ्रीका के बीमार बच्चों का भारत में इलाज, मोबाइल एप सचेत और एक पेड़ मां के नाम अभियान की भी बात की।