महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 अप्रैल। शिक्षकों की वरिष्ठता सूची में अनियमितता मामले में 18 शिक्षकों को नोटिस मिलने की खबर है। इस तरह वर्ष 2022 में प्राथमिक शाला में पदोन्नति में सहायक शिक्षक एलबी के वरिष्ठता निर्धारण की गई अनियमितता की परत अब खुलने लगी है। अपात्र शिक्षकों को नियम विपरीत वरिष्ठता का लाभ पहुंचाने के बाद 18 शिक्षकों को जिला शिक्षा अधिकारी ने नोटिस तामिल किया है।
जिला शिक्षा अधिकारी एमआर सावंत ने बताया कि संभागीय संयुक्त संचनालय से प्राप्त पत्र के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। जिसमें कुछ शिक्षक अपना स्थानांतरण एक विख से दूसरे विखं में करवाए हैं। जिन्होंने स्थानांतरण में आने से कार्यभार दिनांक से वरिष्ठता माना जाना है। लेकिन उनके द्वारा पदोन्नति के समय किसी प्रकार की जानकारी नहीं दी गई। बल्कि नई स्थानांतरण संबंधी जानकारी दी।
इस प्रकार मूल दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर कूटरचित दस्तावेजों से प्रधान पाठक बने 18 शिक्षकों पर कार्रवाई आदेश जारी किए गये हैं। इन पर आरोप है कि उन्होंने जानकारी छिपाकर पदोन्नति प्राप्त किया है। ऐसे 18 शिक्षकों को तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। कहा गया है कि समय-सीमा में स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करने संतोषप्रद नहीं होने की स्थिति में पदानवत एवं राशि वसूलने की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठता सूची तैयार करने में नियमों की अनदेखी की गई है और कई शिक्षकों को गलत तरीके से लाभ पहुंचाया गया है। इस मामले में शिक्षकों के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।
मीडिया में आने के बाद जांच प्रक्रिया में तेजी आई है। नोटिस प्राप्त करने वाले शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है और जांच में में दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की बात कही गई है। शिक्षक संगठनों ने इस कार्रवाई की सराहना की है तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी की है।