महासमुन्द
नगर पंचायत अध्यक्ष ने निरीक्षण कर कहा-जल्द ही सफाई होगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27अप्रैल। बसना नगर का सबसे पुराना एक तालाब का पानी लोगों के निस्तारी के लिए योग्य नहीं रह गया है। यह तालाब कई एकड़ में फैला है। इस तालाब में नगर की नालियों का गंदा पानी साथ ही पानी के साथ बहकर आने वाले कचरों की ढेरी लगी हुई है। यही कारण है कि इस तालाब का पानी कीचड़ युक्त तथा प्रदूषित हो गया है। यह नगर का एक मात्र तालाब है जो नगरवासियों की निस्तारी के लिये हुआ करता था। लेकिन तालाब में फैली गदंगी के कारण अब यहां कोई स्नान करने तैयार नहीं है।
मालूम हो कि उक्त तालाब में देवी-देवताओं की प्रतिमाएं विसर्जित होती है। यह तालाब वर्षों से कीचड़ युक्त तो है ही साथ ही तालाब किनारे तमाम प्रकार के कचरों से अटा पड़ा है। तालाब की दुर्दशा को देखते हुये ना जनप्रतिनिधि, ना ही प्रशासन इसकी सफाई को लेकर रुचि ले रहा है। हाल ही में नवनिर्वाचित नगर पंचायत की महिला अध्यक्ष डा.खुशबू अग्रवाल एवं नव निर्वाचित पार्षदों ने लोगों की मांग पर कल ही इस पुराने तालाब का निरीक्षण किया। साथ ही जल्द ही इसकी सफाई करने की घोषणा भी की। कहा कि पार्षदों से मिलकर इसकी सफाई पर कार्य योजना बनाकर उस पर जल्द अमल किया जाएगा। इस अवसर पर नगर पंचायत बसना उपाध्यक्ष शीत गुप्ता, पार्षद मुजम्मिल कादरी,पार्षद प्रतिनिधि निर्मल दास, गौतम घृतलहरे, सफाई दरोगा वीरेन्द्र बघेल सहित अन्य नागरिक उपस्थित थे।
नगर पंचायत बसना के अध्यक्ष डॉ.खुशबू अग्रवाल ने निरीक्षण पश्चात बताया कि तालाब, कुआं, नदी-नाला भू जल स्रोत का महत्वपूर्ण संरचना होता है। तालाब, नदी-नाला, कुआं में पानी भरने से धरती में पानी रिचार्ज होता है। क्षेत्र का भूमिगत जल स्तर ऊपर में बना रहता है। साथ ही साथ लोगों को निस्तारी की सुविधा मिलेगी।