महासमुन्द

बेटा श्रवण कुमार जैसा चाहिए तो पति को भी श्रवण कुमार बनने दो-आचार्य नरेंद्र नयन
27-Apr-2025 3:55 PM
बेटा श्रवण कुमार जैसा चाहिए तो पति को भी श्रवण कुमार बनने दो-आचार्य नरेंद्र नयन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अप्रैल।
श्रीमद् भागवत कथा के चतुर्थ दिवस कल भगवताचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री सिलयारी धाम चाय वाले बाबा ने श्रीराम जन्म व कृष्ण जन्म कथा प्रसंग श्रद्धालुओं को श्रवण कराया। स्थानीय खैराबाड़ा बीटीआई रोड में उषा कमलनारायण चंद्राकर, शिल्पा सपन चंद्राकर परिवार द्वारा आयोजित भागवत कथा में आचार्य नरेंद्र नयन प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से देर शाम तक कथा श्रवण करा रहे हैं। यह निरंतर 30 अप्रैल तक चलेगी। 

कल कथा के दौरान भगवताचार्य श्री शास्त्री ने रामजन्म कथा की व्याख्या करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम का जन्म केवल रावण वध के लिए नहीं हुआ था। अपितु धर्म की स्थापना मानव समाज को मानवता व पापियों को मुक्ति देने हुआ था। उन्होंने कहा कि भाई का साथ छोडऩे से रावण की हार हुई और भाई के साथ रहने से प्रभु श्रीराम की जीत। उन्होंने कहा कि भाई का साथ मिलने से बड़े से बड़े संकट का सामना व्यक्ति कर सकता है। 

 

उन्होंने कहा कि यदि पुत्र श्रवण कुमार जैसे चाहते हो तो पति को भी श्रवण कुमार बनने दो। अपने माता-पिता की तरह अपने सास-ससुर का आदर सम्मान करो। उनका ख्याल रखो। स्वयं होकर पति को माता-पिता की सेवा के लिए प्रेरित करें। जो समय आज बुजुर्ग माता-पिता का है, वही समय कल आपका आएगा। आपके बच्चे भी बड़े होंगे। आपकी भी बहुएं आएंगी। जो व्यवहार आज आप अपने सास-ससुर से करेंगे, वही कल आपको अपनी बहू से मिलेगा। इसलिए सदैव यह ध्यान रखें कि समय परिवर्तनशील है। जो कर्म आप करेंगे, वही लौटकर आपके पास आएगा। इस अवसर पर सैकड़ों महिलाओं की उपस्थिति रही।
 


अन्य पोस्ट