महासमुन्द

युवक से मारपीट, मामला दर्ज
27-Apr-2025 3:07 PM
युवक से मारपीट, मामला दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27अप्रैल।
ग्राम बरोंडाबाजार में मवेशी व्यवसाय से जुड़े लोगों ने एक युवक से हिंदू संगठन में काम करता है और हमारे पशुओं को पकड़वा देता है कहते हुए मारपीट कर 20 हजार रुपए ऐंठ लिए। भयभीत युवक ने सिटी कोतवाली में इसकी रिपोर्ट दर्ज करायी है। 

प्रार्थी भीखम सतनामी ग्राम खपरी थाना फिंगेश्वर निवासी ने पुलिस को बताया कि वह रायपुर के एक गैरेज में काम करके 24 अप्रैल को वापस अपने गाँव जा रहा था। बरोंडाबाजार साराडीह मोड़ के पास सुबह करीब 9 बजे पहुंचा था तभी वहां पहले से उपस्थित जहुर निवासी कोसमबुड़ा, राजू कुर्रे निवासी भलेसर, जनब बंजारे निवासी बरौंडाबाजार तथा अन्य लोगों ने उसे रोका और गाली-गलौज करते हुए हमारे पशुओं को पकड़वाता है कहकर 50 हजार रुपए की मांग की।

 

भयभीत युवक ने अपने भाई को फोन पर घटना की सूचना दी। पश्चात उसका भाई वहां पहुंचा और पैसा देने से मना किया। जिसके बाद आरोपियों ने युवक से मारपीट शुरू कर दी। पुलिस एफआईआर के अनुसार प्रार्थी के द्वारा बरोंडाबाजार निवासी सचिन गायकवाड़ को ऑनलाइन 20 हजार रुपए देने के बाद उन्हें जाने दिया गया।

घटना के बाद प्रार्थी ने सिटी कोतवाली में आकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में आरोपियों के विरूद्ध बीएनएस धारा 115-2, 296, 3-5, 351-3 के तहत मामला दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट