महासमुन्द
जिले में 2 लाख 28 हजार मीटर लगाने थे, अब तक 1 लाख 39 हजार मीटर ही इंस्टाल हो पाया
अब भी 89 हजार 126 मीटर लगाना शेष
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,26 अप्रैल। बिजली कंपनी के स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की बैचेनी बढ़ गई है। कई गांवों में लोग अभी भी स्मार्ट मीटर लगाने से कतरा रहे हैं कि कहीं बिल अधिक न आ जाए। ग्रामीण हैं कि बिजली विभाग के अधिकारियों को गांव से सीधे लौटा दे रहे हैं और स्मार्ट मीटर इंस्टॉल करवाने से इनकार कर दे रहे हैं।
विभागीय जानकारी अनुसार विद्युत मंडल को कुल 2 लाख 28 हजार मीटर लगने हैं लेकिन मात्र 1 लाख 39 हजार मीटर ही इंस्टाल हो पाया है और 89 हजार 126 मीटर अब भी लगाना शेष है। ऐसे में उपभोक्ताओं को समझाने के फेर में बिजली कर्मियों का पसीना छूट रहा है। बिजली अधिकारियों ने आम लोगों को अफवाहों से दूर रहने की अपील भी की है. वहीं कुछ लोगों का यह भी कहना हैं कि स्मार्ट मीटर का ऐप काम नहीं करता है। ऐप के काम न करने की वजह से अपना बैलेंस या बिजली की खपत नहीं जान पा रहे हैं। इसलिए उन्हें बिजली कटने का डर भी सता रहा है। उपभोक्ताओं से मिली जानकारी के अनुसार स्मार्ट मीटर से रिचार्ज कब खत्म हो जाता है, पता ही नहीं चलता और बिजली काट दी जाती है। जानकारी के मुताबिक अगर आपके घर एकमात्र एल ईडी भी जलेगी तो भी बिल आएगा। पहले ऐसा नहीं था। उपभोक्ताओं का मानना है कि मोबाइल को चार्जर से निकालने के बाद बटंन बंद करते हैं तब भी बिल आएगा। ऐसी परिस्थिति में गरीब वर्ग का ज्यादा नुकसान होने वाला है। उपभोक्ता कर्मचारी से बोल रहे हैं कि नया मीटर तेज चलता है तो बिल भी अधिक आएगा।
दूसरी तरफ पढ़े लिखे लोगों का कहना है कि यदि किसी उपभोक्ता को स्मार्ट मीटर से संबंधित कोई तकनीकी समस्या है, तो उसे तुरंत बिजली विभाग को सूचित करना चाहिए और बिजली विभाग के अधिकारियों को चाहिए कि वे उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के फायदे बताएं। जैसे कि ऊर्जा की बचत, बिल की पारदर्शिता और बकाया बिल जैसी समस्याओं के बारे में। बिजली विभाग को उपभोक्ताओं को इस बाबत जानकारी देना चाहिए ताकि वे स्मार्ट मीटर के बारे में सही जानकारी प्राप्त कर सकें।
वर्तमान में घर-घर जाकर पुराने मीटर हटाकर नए स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हंै। बिजली कंपनी के अफसर घर-घर जाकर निवेदन कर रहे हैं। लेकिन लोगों का कहना है कि इस मीटर से बिजली का बिल ज्यादा आएगा। पुराने वाले मीटर ही रहने दें। अभी बिजली कंपनी को 2 लाख 28 हजार 126 मीटर लगाने हैं। लेकिन आज की स्थिति में 1 लाख 39 हजार स्मार्ट मीटर ही इंस्टाल हो सके हैं। बिजली विभाग को कई परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।
क्योंकि कुछ उपभोक्ता मानते हैं कि स्मार्ट मीटर से बिजली का बिल ज्यादा आएगा।
वे यह भी मानते हैं कि स्मार्ट मीटर से बिजली बिल ज्यादा आने जैसी कोई बात नहीं है। यह उपभोक्ताओं के लिए बहुत अच्छी सुविधा होगी। लोग अपने बजट के अनुरूप बिजली का घर बैठे अलग-अलग माध्यमों से रिचार्ज कर सकेंगे।
पी आर वर्मा ईई, विद्युत मंडल महासमुंद का कहना है कि स्मार्ट मीटर की रीडिंग को लेकर लोग भ्रम में हैं और उन्हें लगता है कि मीटर गलत रीडिंग दिखा रहा है। वर्तमान में पुराने स्मार्ट मीटर के साथ लोग तकनीकी समस्याओं का सामना कर रहे हैं, जैसे कि मीटर का काम करना बंद हो जाना। अनेक उपभोक्ता पुराने मीटर से संतुष्ट हैं और वे स्मार्ट मीटर लगाने में हिचकिचा रहे हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि स्मार्ट मीटर की आवश्यकता नहीं है।