महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 25 अप्रैल। वन विभाग ने वन्यप्राणी के शिकार के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार पिथौरा परिक्षेत्र अंतर्गत परिवृत्त बुन्देली के पूर्व अरण्ड परिसर अंतर्गत आने वाले वन कक्ष क्र. 221 में एक मादा चीतल और एक बैल की मृत्यु घटना स्थल पर होने की खबर ‘छत्तीसगढ़’ में प्रकाशन के बाद वन विभाग हरकत में आया और जांच की।
जांच में पता चला कि आरोपी कदर ग्राम बुन्देली द्वारा वन्यप्राणी हिरण के शिकार करने के उद्देश्य से अपने खेत में बनाये गये गड्ढे में सोलर ट्यूबवेल से पानी भरकर कीटनाशक दवाई डालकर वन्यप्राणी मादा चीतल का शिकार किया गया। जबकि उक्त आरोपी के द्वारा किसी भी प्रकार से वर्तमान में फसल नहीं लगाया गया है।
खबर प्रकाशन होते ही तत्काल वन अमले द्वारा दबिश देकर आरोपी कदर को गिरफ्तार किया गया व वन्यप्राणी अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायालय प्रथम श्रेणी पिथौरा के समक्ष पेश किया गया।
आरोपियों के अनुसार पिथौरा परिक्षेत्र अंतर्गत खपराखोल में जंगली सुअर खेत में धान की फसल खाने आते हंै, मालूम होने पर जंगली सुअर के शिकार के उद्देश्य से कच्चा नंगा तार को फैलाकर करंट प्रवाहित कर एक जंगली सुअर का शिकार विद्युत करंट से किया। जिसकी सूचना मुखबिर से मिलने पर खपराखोल निवासी भारत, यशवंत के विरूद्ध वन्यप्राणी अपराध दर्ज कर न्यायालय प्रथम श्रेणी पिथौरा के समक्ष रिमांड में पेश किया गया है।
प्रकरण में अन्य आरोपियों के संलिप्त होने के पुष्ट साक्ष्य मिले हैं। प्रकरण की विवेचना उपरांत और आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है।
