महासमुन्द

महासमुंद शहर में भीषण गर्मी के चलते रोजाना डेढ़ लाख लीटर पानी की खपत हो रहे
25-Apr-2025 4:37 PM
महासमुंद शहर में भीषण गर्मी के चलते रोजाना डेढ़ लाख लीटर पानी की खपत हो रहे

सामान्य मौसम में 84 हजार लीटर पानी ही खपता है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,25 अप्रैल।
इस साल भीषण गर्मी की वजह से शहर में रोजाना डेढ़ लाख लीटर पानी की खपत हो रही है। दरअसल इस बार अप्रैल महीने में ही पारा 44 पार हो गया है। फलस्वरूप शहर में घर-घर कूलर चलने लगे हैं। वहीं तालाबों में निस्तारी के लिए कम पानी होने की वजह से लोग नलों पर ही आश्रित हो गए हैं। लिहाजा डेढ़ लाख लीटर पानी रोजाना खप रहा है।

जानकारी अनुासार पालिका प्रशासन ने गर्मी में 1 लाख 10 हजार लीटर पानी खपत का ही अनुमान लगाया था। लेकिन स्थिति कुछ और ही है। इस बार फरवरी माह में भी अल नीनो तथा ला नीना एक्टिव होने की वजह से गर्म हुआ था। फलस्वरूप फरवरी माह में ही पानी की खपत दोगुनी हो चुकी थी जो मार्च के अंतिम सप्ताह के आते-आते और भी बढ़ गई। वहीं अब अप्रैल माह में बढ़ते तापमान की वजह से पानी की मांग और अधिक बढ़ गई। पालिका प्रशासन ने महज 1 लाख 10 हजार लीटर तक पानी खपत होने की उम्मीद जताई थी लेकिन इसका आंकड़ा डेढ़ लाख लीटर प्रतिदिन पहुंच चुका है। जबकि अनेक नागरिकों के घरों में स्वयं के पेयजल के साधन हैं। यह साधन नहीं होने की स्थिति में अनुमान लगाया जा सकता है

 

कि पेयजल की स्थिति शहर में क्या होती?
नगर पालिका से मिले आंकड़ों के अनुसार शहर में कुल 8114 नल कनेक्शनधारी हैं। शहर की आबादी लगभग 80 हजार का है। इस वक्त प्रतिदिन प्रति व्यक्ति के पीछे 533 लीटर पानी की खपत हो रही है जो अपने आप में एक बड़ा आंकड़ा है। इसका बड़ा कारण यह भी है कि वैवाहिक सीजन की वजह से भी शादी भवनों में कूलरों का सर्वाधिक उपयोग हो रहा है। जल प्रभारी सीताराम तेलक ने बताया कि शहर के 30 वार्डों में फिलहाल 84 लाख लीटर पानी की खपत हो रही है। गर्मी में यह खपत 110 लाख लीटर तक बढ़ जाती है। इस बार यह आंकड़ा पार हो रहा है। लोगों को पेयजल संकट से राहत दिलाने तीन समय नल से पानी 15 जून तक दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट