महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 अप्रैल। बागबाहरा रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के अंदर बंद हमाल की जान बचाने पर गणेश शर्मा व शंकर टांडी को रेल प्रशासन ने 22 अप्रैल को बहादुरी का पुरस्कार से सम्मानित किया है। यहां ईस्ट कॉस्ट रेल डिवीजन संबलपुर से प्रेषित सम्मानपत्र को स्थानीय स्टेशन अधीक्षक डीके सिरमौर व डीआरयूसीसी मेंबर विश्वनाथ पाणिग्रही ने उन्हें सौंपा।
घटनाक्रम के मुताबिक मंदिर हसौद से काकीनाडाकी ओर 6 मार्च 2023 को चावल की रैक लेकर जा रही मालगाड़ी क्रॉसिंग के लिए खड़ी हुई थी। सुबह यात्री ट्रेन का समय था। बीच की लाइन में खड़ी उस मालगाड़ी के एक बंद वैगन से किसी आदमी की आवाज के साथ दरवाजा बार-बार ठोकने की आवाज आ रही थी। जिसने प्लेटफार्म में खड़े गणेश शर्मा व शंकर तांडी का ध्यान उस ओर आकर्षित किया।
उन्होंने वैगन के पास जाकर देखा तो अंदर से किसी की बचाओ-बचाओ की आवाज आ रही थी। ऐसे में उन्होंने तत्काल स्टेशन मास्टर के पास जाकर इसकी जानकारी दी।
जिसके तुरंत बाद स्टेशन मास्टर,गणेश शर्मा व शंकर तांडी के आरपीएफ के जवानों को लेकर मालगाड़ी में बंद वैगर के पास जाकर रेलवे के नियमानुसार वैगन का सील तोड़ अंदर बंद हमाल केशव पिता नैन सिंह को बदहवास स्थिति में बाहर निकाला।
होश आने पर हमाल ने बताया कि वह मंदिर हसौद में चावल की रैक लोडिंग के बाद वैगन के अंदर बैठ आराम कर रहा था। इसी बीच उसे नींद आ गई। नींद खुली तो पाया कि वह बोगी के अंदर बंद हो गया है।
उसके बाद वह किसी स्टेशन में गाड़ी को खड़ा होने का इंतजार करता रहा। महासमुंद स्टेशन में भी अंदर से जोर-जोर से दरवाजा पीटता रहा, लेकिन गाड़ी नहीं रुकी। बागबाहरा रेलवे स्टेशन में मालगाड़ी खड़ी हुई। वह फिर से दरवाजा पीट-पीट कर चिल्लाने लगा। जिसकी आवाज सुन कर गणेश शर्मा व शंकर तांडी मौके पर पहुंचे और उनकी जान बचाई। गणेश शर्मा व शंकर तांडी को सम्मान प्रदान करते वक्त भूपेंद्र ठाकुर, फिरोज मेमन, लखबीर सिंह छाबड़ा, शमीम खान, ताम्रध्वज बघेल, मानता राम यादव, रमेश ठाकुर,मिथुन अमीर, लोकेश उईके, प्रवीण पाणिग्रही, किशोर मौजूद थे।