महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 अप्रैल। नगर पंचायत तुमगांव के अध्यक्ष बलरामकांत साहू ने कल दर्जन से ज्यादा लोगों के साथ तीन सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टोरेट पहुंच डिप्टी कलेक्टर को मांग पत्र सौंपा और मांग पूरा करने का अनुरोध किया।
इनकी मांग है कि नगर पंचायत तुमगांव के आमजन विगत 40 व 50 वर्षों से शासकीय भूमि एवं बड़े झाड़ की भूमि पर घर बनाकर जीवन-यापन कर रहे हैं। शासकीय भूमि एवं वन भूमि होने के कारण आम जनों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। अत: उक्त शासकीय भूमि एवं वन भूमि को आबादी घोषित कर निवासरत आम जनों को प्रधान मंत्री आवास का लाभ दिया जाए।
उनकी मांग है कि तुमगांव सीमा से लगे हुए भोरिंग चौक से लेकर एनएच चौंक सीमा क्षेत्र बेन्द्रीडीह एवं कौंवाझार में भू-माफियाओं के द्वारा शासकीय भूमि पर बेहताशा कब्जा करते हुए अतिक्रमण कर गुमटी, ठेला, टिन शेड डालकर अतिक्रमण किया जा रहा है। जिससे प्रतिदिन दुर्घटना होती रहती है। अतिक्रमण रोकने पर उक्त भूमि तुमगांव सीमा में नहीं है कहकर अतिक्रमणकारी विवाद करते हैं। चूंकि तुमगांव सीमा क्षेत्र भोरिंग चौक जाता है। इसलिए तुमगांव सीमा क्षेत्र भोरिंग चौक से लेकर एनएच तक लगे बेन्द्रीडीह सीमाक्षेत्र एवं कौंवाझर सीमा क्षेत्र को नगर पंचायत तुमगांव में सम्मिलित किया जाये।
कहा कि नगर पंचायत तुमगांव क्षेत्र में बिजली बार-बार बंद कर दिया जाता है। जिससे भीषण गर्मी के मौसम में काफी अधिक परेशानी हो रही है। विद्युत विभाग द्वारा कभी भी दिन हो या रात बिजली आपूर्ति कई-कई घण्टों के लिये बंद कर दिया जाता है। जिससे पानी आपूर्ति की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इससे अभी भी नगरवासियों को परेशानी हो रही है। अत: इसे जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए।