महासमुन्द
सवा 4 सौ करोड़ का ऋण बंटा था, किसानों ने 420 करोड़ चुका दी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 अप्रैल। जिला सहकारी बैंक से किसानों को खाद,बीज, दवाई तथा नगद ऋण की इस वर्ष लगभग शत-प्रतिशत के करीब वसूली हुई है। अब कृषकों को रबी सीजन के लिये भी ऋण दिया जा रहा है। इस बार नये सीजन के लिये लक्ष्य में शासन ने किसी तरह का परिवर्तन नहीं किया है। फलस्वरूप गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी 426 करोड़ 57 लाख रुपए ऋण वितरण किया जायेगा।
बीते खरीफ सीजन में ऋण की वसूली में सहकारी बैंक का प्रदर्शन अच्छा रहा। बीते 5 सालों में पहली बार लगभग शत-प्रतिशत ऋण वसूली के समीप बैंक पहुंच गया है। हालांकि अब रबी सीजन के लिये भी किसानों ने ऋण लिया है। मिली जानकारी के अनुसार बीते खरीफ सीजन में इस बार 82527 किसानों को 426 करोड़ 57 लाख रुपए ऋण प्रदान किया था। जिसमें से 80809 किसानों ने 419 करोड़ 90 लाख रुपए का ऋण चुका दिया है जो ऋण का 98 प्रतिशत है।
किसानों का कहना है कि आमतौर पर देखा जा रहा था कि किसान कर्ज तले दबे ही रहते थे। किसानों को राज्य व केन्द्र शासन से मिल रहे सम्मान निधि और बोनस की वजह से किसानों में समृद्धि बढ़ी है। फलस्वरूप किसान ऋण चुकता कर पा रहे हैं। वहीं इस बार प्रकृति की मार नहीं पड़ी तथा खरीफ सीजन में आवश्यकता के अनुसार बारिश होती रही जिसका लाभ किसानों को मिला।
विभागीय जानकारी के अनुसार रबी सीजन के लिये अब तक 6180 किसानों ने 38 करोड़ 9 लाख 94 हजार रुपए ऋण लिया है। जिसकी वसूली फिलहाल शुरू नहीं हो पायी है। खरीफ सीजन में शुरूआती दिनों में रबी सीजन की वसूली शुरू होगी। इस बार खरीफ सीजन के लिए ऋण लेने में किसानों ने पिछले 5 सालों का रिकार्ड तोड़ दिया है। खरीफ सीजन के लिए पिछले 5 सालों में इस साल सबसे ज्यादा किसानों ने ऋण लिया है। इस साल जिले में 82527 किसानों ने 426 करोड़ 57 लाख ऋण लिया है। जबकि साल 2022 में जिला सहकारी बैंक से 75297 किसानों ने 361 करोड़ रुपए का ऋण लिया था। साल 2021 में 70 हजार किंसानों को 319 करोड़ रुपए ऋण वितरण, 2020 में 68 हजार किसानों 310 करोड़ ऋण वितरण किया गया था। समितियों व किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से खाद, बीज, रासायनिक दवा और कृषि कार्यों के लिए अल्पकालीन ऋण लेते हैं। जिले में इस वक्त जिला सहकारी बैंक की कुल 13 शाखाएं हैं।
धान की फ सल की तैयारी में जुटे किसान
अब किसान नये सीजन में धान की फसल की तैयारी में जुट गये हैं। फिलहाल वैवाहिक सीजन होने की वजह से तैयारी में तेजी नहीं आई है। लेकिन अक्षय तृतीया के बाद कृषि कार्यों की तैयारी तेज हो जाएगी। अधिकांश किसान अक्षय तृतीया को अक्षय मुहूर्त मानते हुये इसी मुहूर्त पर कृषि कार्यों की तैयारी शुरू करते हैं।