महासमुन्द
महासमुंद, 24 अप्रैल। पुराने वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बदलने में प्रक्रियागत त्रुटि, असुविधा और अनिवार्यता को लेकर की जा रही सख्ती का कड़ा विरोध करते हुए महासमुंद कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने कहा कि छग में हजारों कंपनियां हैं, जो नए हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बनाने का काम किफायती दर पर कर सकती हैं। लेकिन सरकार ने दिल्ली और हरियाणा की केवल दो ही कंपनियों को उपकृत करने की जिद ने लाखों लोगों को कतार में खड़ा होने मजबूर कर दिया है। परिवहन विभाग की अक्षमता और सिस्टम में खामी की सजा भी आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। बीते अप्रैल से इस मामले में चालानी कार्रवाई शुरू हो गई है। अभी 500 से 10 हजार तक भारी भरकम जुर्माना वसूली वाहन मालिकों पर अत्याचार है।
महासमुंद कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने कहा है कि अप्रैल 2019 से पहले के लाखों वाहनों में से अधिसंख्यक वाहनों में अभी भी हंै जिसमें पुराने नंबर प्लेट लगे हैं। जिन्हें बदलने में सुविधाजनक प्रक्रिया मुहैया कराने के बजाय सख्ती से जुर्माना वसूली रही है। आरटीओ ने बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के वाहनों के फिटनेस जांच नहीं करने का फरमान जारी कर दिया है।