महासमुन्द
कई दिनों तक शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने के बाद
मामला कलेक्टर के संज्ञान में आया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 अप्रैल। जिले के पिथौरा विकासखंड के खैरखूंटा प्राथमिक विद्यालय में सहायक शिक्षक से प्रधान पाठक पद पर हुई पदोन्नति में खैरखूंटा में पदस्थ प्रधान पाठक दिनेश प्रधान के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गये हैं। मामले की पूर्ण जांच होने के बाद दिनेश कुमार प्रधान शासकीय प्राथमिक शाला खैरखूंटा की पदोन्नति निरस्त कर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का आदेश जिला शिक्षा अधिकारी मोहन राव सावंत ने विकास खंड शिक्षा अधिकारी पिथौरा के के ठाकुर को दिया है। कलेक्टर की अनुशंसा पर दिनेश कुमार प्रधान की पदोन्नस्ति निरस्त करने की कार्रवाई के लिए यह आदेश जारी हुआ है। जानकारी अनुसार दिनेश प्रधान पहले बसना ब्लॉक के शासकीय प्राथमिक शाला पिताईपाली में शिक्षाकर्मी वर्ग 3 के रूप में पदस्थ थे। बाद में 31 अगस्त 2010 को जनपद पंचायत बसना के आदेश के तहत पिथौरा ब्लॉक के ग्राम खैरखुंटा में स्थानांतरित हुए। इस वक्त वरीयता सूची में उनका नाम 2229 वें क्रमांक पर था।
इसके बाद दिनेश प्रधान ने स्वयं के कूट रचित दस्तावेज तैयार करते हुए अपने स्थानांतरण को प्रशासनिक बताया एवं नाजायज तरीके से वरीयता सूची का लाभ लेते हुए प्रधान पाठक के पद पर पदोन्नति हुई। जिसका सप्रमाण शिकायत शिक्षा विभाग को की गई थी लेकिन विभाग ने तब जांच के नाम पर खानापूर्ति कर मामले को दबो रखा। इसके बाद पूरे मामले की सप्रमाण शिकायत विभाग के आला अधिकारियों से की गई थी।
उक्त शिकायत पर मामले की पूर्ण रूप से जांच में नियुक्ति में शामिल दस्तावेज फर्जी पाये गये। जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी एमआर सावंत ने कल पत्र जारी कर दिनेश कुमार प्रधान की पदोन्नति निरस्त करने का आदेश दिया है।
डीईओ सावंत से बातचीत के दौरान बताया कि जांच करने पर दिनेश कुमार प्रधान का स्थानांतरण 2010 में गंभीर बीमारी के कारण जनपद पंचायत बसना से जनपद पंचायत पिथौरा किया गया।
यह स्थानांतरण प्रशासनिक नहीं था।
दिनेश कुमार प्रधान द्वारा पदोन्नति प्राप्त करने के लिए स्थानांतरण आदेश को कूट रचना कर चिकित्सा स्थानांतरण को प्रशासनिक किया गया है। अब उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
डीईओ श्री सावंत ने बताया कि मामले की जांच के बाद कूटरचित दस्तावेज बनाने वाले के विरुद्ध उच्चाधिकारियों से चर्चा कर एफआईआर दर्ज करायी जा सकती है।