महासमुन्द
कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 अप्रैल। महासमुंद बजरंग दल ने ममता सरकार के खिलाफ रैली निकालकर उनका पुतला जलाया और कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
जारी विज्ञप्ति में बजरंग दल ने कहा है कि वक्फ कानून के विरोध की आड़ में संपूर्ण बंगाल को जिस प्रकार हिंसा की आग में जलाया जा रहा है, हिंदुओं को प्रताडि़त किया जा रहा है, राष्ट्र विरोधी और हिंदू विरोधी तत्वों को निर्बाध रूप से अपने षडयंत्रों को क्रियान्वित करने की खुली छूट दी जा रही है। इससे स्पष्ट है कि बंगाल की स्थिति अत्यधिक चिंताजनक है। मुर्शिदाबाद से प्रारम्भ हुई यह भीषण हिंसा अब संपूर्ण बंगाल में फैलती हुई दिखाई दे रही है। शासकीय तंत्र दंगाइयों के सामने केवल निष्क्रिय ही नहीं अपितु कई स्थानों पर इनका सहायक या प्रेरक बन गया है। इससे पहले की स्थिति नियंत्रण से बाहर हो जाए, केंद्र सरकार को प्रशासन का नियंत्रण व संचालन अपने हाथ में लेकर राष्ट्र विरोधी व हिंदू विरोधी तत्वों को उनके कुकर्मों के लिए कठोरता सजा दिलवानी चाहिए।
इस दौरान प्रमुख रूप से विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष शौरभ अग्रवाल, विभाग मंत्री अखिलेश लूनिया, जिला मंत्री बसंत देवता, जिला सयोजिका अनीता चौधरी, जिला अध्यक्ष भाजपा येतराम साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, राहुल चन्द्राकर, आनंद साहू, हनीश बग्गा,पार्षद भाऊ राम साहू,मुन्ना साहू,भरत चन्द्राकर,देवेन्द्र दुबे,हुकुम चंद शार्मा,रितेश गोलछा,अग्रज शर्मा एवं विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल,सर्व हिन्दू समाज के कार्यकर्ता उपस्थित थे।