महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 अप्रैल। पत्थर खुदाई से जलाशय नुमा निर्मित गड्ढे को नहीं पाटने के लिये कल बसना क्षेत्र के 7 ग्रामों के ग्रामीणों ने जनदर्शन पहुंच कर इस पर रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार ग्रीष्मकाल के दौरान हर साल इस जलाशय नुमा गड्डे में भरे पानी से आसपास के 7.8 ग्रामों के ग्रामीण निस्तारी करते हैं। वहीं वन्य प्राणी भी इस पर आश्रित हैं। यदि इसे पाटा गया तो ग्रामीणों सहित जीव-जंतुओं के लिये भी परेशानी हो जायेगी। सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम छिरलिवा में शसकीय चट्टान भूमि खसरा नंबर 97 रकबा 9.95 हे.के अंतर्गत पत्थर की खुदाई के दौरान यहां एक बड़ी जलाशय निर्मित है। जलाशय में बारह मास जल भरा रहता है।
उक्त जलाशय के पानी का उपयोग गर्मी तथा अन्य समयों में आसपास के लोग जिसमें आवेदक ग्राम छिर्रालेवा, दुलारपाली, बेंदारी, बुधुडोंगर,गंधेलडीपा, नूनपानी, बिछिया एवं अन्य गांव के लोग करते आ रहे हैं। उप तहसील कार्यालय भंवरपुर द्वारा ज्ञात हुआ कि उक्त स्थान में पत्थर खुदाई कार्य दिनांक 13 मार्च 2020 से 12 मर्च 2023 तक स्वीकृत था। वर्तमान में जलाशय में पानी लगभग 20-25 फीट भरा हुआ है। जिसका उपयोग ग्रामीणों द्वारा निस्तारी एवं मवेशियों के पेयजल के रूप में उपयोग में लाया जा रहा है। सूत्रों से ज्ञात हुआ है कि राजस्व विभाग खनिज विभाग द्वारा उक्त खदान में ताप विद्युत संयंत्रों से पलाईऐश के भराव करने का अनापत्ति प्रस्तुत किया गया है। जिससे विरोध में आवेदकगण ग्राम द्वारा आपत्ति जताई गई है।
मालूम हो कि केन्द्रीय भूमि जल बोर्ड भारत सरकार,जल शक्ति मंत्रालय द्वारा तैयार रिपोर्ट में संदर्भित किया गया है कि छत्तीसगढ़ में 146 विकासखण्डों में महासमुंद जिले के बसना विकासखण्ड को अद्र्धसंकटकालीन सेमी क्रिटिकल स्थिति में है। और इस जल संकट की स्थिति में उक्त पत्थर खदान का जल क्षेत्रवासियों के लिए अमरत्व का वरदान साबित हो रहा है। यह कि आवेदित निस्तारी जलाशय को पलाईएश से पाटने से हम उपरोक्त सभी ग्राम के जरूरतमंद निम्नवर्गीय एवं मध्यमवर्गीय लोगों को निस्तारी कार्य खास कर गर्मी के दिनों में प्रभावित होगा। उक्त आकार का जलाशय बनाने में लगभग 50 लाख रुपए की राशि लगेगी।