महासमुन्द

रेत घाट बंद नहीं, ग्रामीण भूख हड़ताल पर
22-Apr-2025 3:12 PM
 रेत घाट बंद नहीं, ग्रामीण भूख हड़ताल पर

रेत निकाल रही चेन माउंटेड मशीन व हाइवा जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 22 अप्रैल।
महानदी से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का मामला अब ग्रामीणों के बीच विवाद और फसाद की वजह भी बनता जा रहा है। चंद दिनों पूर्व गांव में रेत खदान संचालन को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। अब तक यह मामला थमा नहीं है।

अब गढ़सिवनी के कुछ ग्रामीणों ने गांव के ही जनप्रतिनिधियों को रेत माफिया बताते हुये मांग के बावजूद गढ़सिवनी रेत घाट बंद नहीं होने के कारण 22 अप्रैल को कलेक्टोरेट के समक्ष धरना प्रदर्शन तथा अनिश्चिकालीन भूख हड़ताल करने की सूचना जिला प्रशासन को दी है। आज भूख हड़ताल शुरू कर दी है।

ग्रामीण गेंदलाल पुष्पाकर, सतीश सोनकर, कमलेश सोनकर, महेश्वर सोनकर, हरिराम साहू आदि ने जिलाधीश के नाम दिये सूचना आवेदन में गांव के ही जनपद सदस्य प्रतिनिधि, उपसरपंच, पंच आदि पर गढ़सिवनी रेत घाट से 45 दिन तक बल पूर्वक रेत निकासी करने का आरोप लगाया है। साथ ही यह भी कहा है कि 4 अप्रैल 2025 और 15 अप्रैल 2025 को ग्रामीणों द्वारा जनदर्शन में शिकायत की गई थी। जिस पर कोई कार्रवाई जिला प्रशासन द्वारा नहीं की गई। 

इस पूरे गैर कानूनी खनन में कुछ अधिकारी व कर्मचारी भी शामिल हैं। शिकायत के बावजूद रेत घाट बंद नहीं होने तथा संरक्षण  देने वाले अधिकारी, कर्मियों पर कार्रवाई नहीं होनें के कारण वे कल 22 अप्रैल से बेमुद्दत भूख हड़ताल पर कलेक्टोरेट के सामने बैठेंगे।

 

खनिज विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि उक्त वाहनों पर खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन अधिनियम 1957 की धारा 21 के अंतर्गत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकरण में 2 से 5 वर्ष की सजा का प्रावधान है और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया जाएगा। पूर्व में भी खनिज पट्टेदारों एवं खनिज परिवहनकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं कि बिना वैध अभिवहन पास के खनिज का उत्खनन, परिवहन या भंडारण करना कानूनन अपराध है। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु खनिज विभाग का विशेष अभियान सतत जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अवैध उत्खनन-परिवहन करते 2 वाहन जब्त
ग्राम पंचायत खमतराई महानदी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते हुए पकड़ा गया। खनिज विभाग की टीम ने एक हाईवा वाहन जिसे सूरज भारती निवासी बघतरा मंदिर हसौद चला रहा था, को अवैध रेत परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वहीं एक चेन माउंटेड मशीन जिसका चालक अज्ञात है, को अवैध रेत उत्खनन करते हुए जब्त किया गया।


अन्य पोस्ट