महासमुन्द
बागबाहरा पुलिस ने 136, महासमुंद पुलिस ने 50 पौवा बरामद किया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 अप्रैल। जिले के शराब दुकानों से शराब कोचियों को बोरियों में भर-भर कर शराब देने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामला उजागर होने पर कभी-कभार आबकारी विभाग द्वारा शराब दुकान के कर्मचारियों पर निलंबन या ब्लैक लिस्टेट करने की कार्रवाई कर खानापूर्ति कर दी जाती है। शराब दुकानों से इतनी बड़ी मात्रा में माफियाओं को शराब उपलब्ध कराना विभागीय संरक्षण को भी दर्शाता है। बागबाहरा पुलिस ने कल 136 पौवा देशी प्लेन शराब के साथ एक युवक को पकड़ा है। वहीं महासमुंद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शहर के टाउन हॉल के पास पुलिस ने एक युवक को 50 पौवा देशी प्लेन शराब का परिवहन करते पकड़ा है।
मिली जानकारी के अनुसार 20 अप्रैल को पेट्रोलिंग के दौरान बागबाहरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बागबाहरा शराब भ_ी तरफ से एक व्यक्ति अपने स्कूटी में अवैध रूप से शराब रखकर कर्रापारा बागबाहरा की ओर जा रहा है। उक्त सूचना पर पुलिस टीम द्वारा कर्रापारा वार्ड 07 बागबाहरा पहुंचकर मुखबिर के बताए स्कूटी वाहन को रोका। पूछताछ में युवक ने अपना नाम भूषण ठाकुर पिता महेश ठाकुर उम्र 23 वर्ष निवासी कल्याणपुर बागबाहरा का होना बताया।
स्कूटी की तलाशी लेने पर सामने रखे दो बोरियों में 50-50 पौवा देशी प्लेन शराब तथा स्कूटी के सीट के नीचे डिक्की में एक सफेद बोरी में 36 पौवा देशी प्लेन शराब सभी में 180 एमएल शराब भरी हुई मिली। जिसे पुलिस ने जब्त किया। वहीं परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी जुपिटर क्रमांक सीजी 06 जीएक्स 6003 कीमती को भी जब्त किया गया। जब्त शराब की कीमत 10880 रुपए तथा स्कूटी की कीमत 30 हजार रुपए् बताया गया है। पुलिस ने आबकारी के विरूद्ध 34-2 आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया।
इसी तरह महासमुंद 20 अप्रैल को पेट्रोलिंग के दौरान महासमुंद कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक युवक को 50 पौवा देशी प्लेन शराब के साथ पकड़ा है। उक्त युवक सितली नाला देशी शराब दुकान की ओर से मोटर सायकल में एक काले बैग में शराब लेकर शहर की ओर जा रहा है। उक्त सूचना पर पुलिस ने मुखबिर के बताए हुलिए तथा गाड़ी नंबर के आधार पर पैशन प्रो वाहन क्रमांक सीजी 06 डी 7359 को अ शंकराचार्य टाउन हाल के पास रोका। वाहन सवार युवक से नाम पता पूछने पर अपना नाम रोहेंद्र साहू वार्ड क्र- 25 सुभाष नगर बताया। उसके पास रखे बैग की तलाशी लेने पर बैग में 50 पौवा देशी प्लेन शराब होना, पाया गया। पुलिस ने 50 पौवा शराब कीमती 4 हजार रुपए, परिवहन में प्रयुक्त वाहन पैशन प्रो कीमती 15 हजार रुपए को जब्त कर आबकारी एक्ट की धारा 34-2 के तहत युवक को गिरफ्तार किया है।