महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 अप्रैल। सराफा दुकान में चोरी के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
ज्ञात हो कि बसना के बड़ेसाजापाली स्थित उपकार ज्वेलर्स में बीते दिनों सोने के आभूषणों में टॉप्स, कान की बाली व एयर रिंग कुल कीमत 93 हजार 5 सौ रुपए की चोरी हुई थी। सीसीटीवी फुटेज तथा मुखबीर की सूचना पर साइबर सेल व भंवरपुर पुलिस टीम ने मौके पर जाकर पतासाजी कर एक व्यक्ति से पूछताछ की। पूछताछ में एक अंतरराजीय आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि घटना संबंधी रिपोर्ट के आधार पर विवेचना के दौरान पुलिस की टीम द्वारा मौका पर जाकर पतासाजी कर एक व्यक्ति से पूछताछ की गई। जिससे नाम, पता पूछने पर अपना नाम जाफर अली ओडिशा बताया। टीम द्वारा उक्त चोरी करने के संबंध में कड़ाई से पूछताछ किया तो बड़ेसाजापाली में एक ज्वेलर्स दुकान से अपने साथी सब्बीर अली के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस की टीम द्वारा आरोपी जाफर अली के कब्जे से एक कान की बाली वजन 2.94 ग्राम, 3 सोने का टॉप्स वजन 9 ग्राम एवं 2 एयर रिंग वजन 3.12 ग्राम कुल वजनी 9.940 ग्राम कीमती 91 हजार रुपए जब्त कर आरोपी के विरूध्द थाना बसना अपराध धारा 305, 332 सी बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई तथा आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा है। प्रकरण में एक अन्य फरार आरोपी की पतासाजी पुलिस की टीम द्वारा की जा रही है।