महासमुन्द

अंजान लिंक खोलकर कुछ कमाया, फिर टॉस्क पूरा करते-करते किसान ने 20 लाख गंवाए, जांच शुरु
21-Apr-2025 3:26 PM
अंजान लिंक खोलकर कुछ कमाया, फिर टॉस्क पूरा करते-करते किसान ने 20 लाख गंवाए, जांच शुरु

 पत्नी, मां और दादा के खाते से भी 8 खातों में भेजे रुपए

 नये-नये तरीकों से ऑनलाइन ठगी की घटनाओं के बीच एक और नया तरीका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 21अप्रैल। जिले में नये-नये तरीकों से ऑनलाइन ठगी की बढ़ती घटनाओं के बीच बसना थाना अंतर्गत ग्राम सिंघनपुर के एक किसान युवक को पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर उससे तथा उसके परिजनों से विभिन्न बैंक खातों में राशि डलवाकर करीब 20 लाख रुपए ठगने का एक नया तरीका सामने आया है।

इस बार सिंघनपुर गांव का प्रार्थी युवक एक अंजान लिंक खोलकर ठगों के जाल में फंस गया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318-4 के तहत अलग-अलग बैंकों के 8 खाता धारकों के विरूद्ध धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।              थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए प्रार्थी जयंत कुमार नर्मदा ग्राम सिंघनपुर ने पुलिस को बताया कि अलग-अलग आठ मोबाइल धारकों ने 10 से 16 अप्रैल के बीच उसे पार्ट टाइन जॉब में अधिक लाभ का झांसा देते हुए 19 लाख, 47 हजार, 852 रुपए की ठगी कर ली। पुलिस ने रिपोर्ट पर आईडीबीआई बैंक खाता धारक, फेडरल बैंक खाता धारक, बंधन बैंक खाता धारक, फिनो बैंक खाता धारक, सिटी यूनियन बैंक खाता धारक, एचडीएफसी बैंक खाता धारक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र खाता धारक, इंडसइंड बैंक के खिलाफ  मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि वह खेती-किसानी करता है। 10 अप्रैल को दोपहर करीब 2-3 बजे के मध्य उसके टेलीग्राम में पार्ट टाइम जॉब के नाम पर मैसेज आया। उसने टेलीग्राम आईडी पर वाइस कॉल किया तो लिंक के माध्यम से उसे पार्ट टाइम जॉब संबंधित प्रोसेस के बारे में समझाया गया। साथ ही एक टेलीग्राम ग्रुप विलियंस कलेक्शन.8033 नाम के ग्रुप में जॉइन कराया और आईडी पासवर्ड बनाकर दिया गया।

प्रार्थी ने बताया कि इसके बाद अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक लिंक दिया गया। जहां लॉगिन करने कहा गया। जिसमें 11 हजार रुपए  बोनस पाइंट की राशि एड कर दी गयी थी। उसके बाद प्रार्थी को 25-25 की संख्या का दो टॉस्क दिया गया। टॉस्क कंप्लीट करने के बाद आईडी में प्रॉफिट की राशि जमा हो जाती थी। प्रॉफिट की राशि को बैंक खाता में विड्राल करने की सुविधा दी गई थी। प्रार्थी ने दो बार 10 अप्रैल को 1271 रुपए, 11 अप्रैल को टास्क चालू करने के लिए 11 हजार रुपए डिपॉजिट करने के बाद टॉस्क कंप्लीट होने पर उसे लाभ मिलाकर कुल 16 हजार 300 रुपए का विड्रॉल दिया गया। इसके बाद 12 अप्रैल को पुन: टास्क चालू करने के लिए 11 हजार रुपए डिपॉजिट करने के बाद टॉस्क कंप्लीट होने पर लाभ मिलाकर कुल 16 हजार 256 रुपए विड्रॉल दिया गया। जिसे प्रार्थी ने अपने आईडीबीआई बैंक खाता में विड्रॉल के नाम के अकाउंट में दिया। अंतिम किस्त के साथ ही ठग प्रार्थी से अपने विभिन्न खातों में 9लाख,45 हजार 871 रुपए जमा करा चुके थे। इसी के साथ टॉस्क पूर्ण होने पर उसे 20लाख, 71 हजार, 961 रुपए मिलने का लालच दे रहे थे। दुगुने से अधिक लाभ देखकर प्रार्थी ने इस पूरी राशि को विड्राल करना चाहा तो 3 लाख रुपए  से अधिक होने का नियम बताकर कुल विड्राल का 50 प्रतिशत आउट फिस के रूप में भुगतान करने कहा गया। यह भी बताया कि यह राशि रिफंडेबल है। इस लालच में प्रार्थी ने अंत में 1 लाख, 001 हजार, 981 रुरए फिर भेज दिये। उसके बाद भी विड्राल नहीं हुआ। तब उसे अपने ठगे जाने के बारे में पता चला। इसके बाद 14 अप्रैल को कंपनी की पांचवी एनीवर्सरी में ज्यादा लाभ होने का झांसा देकर प्रोग्राम चलाया गया। जिसमें टॉस्क कंप्लीट करने के लिए प्रार्थी द्वारा 1 लाख रुपए की राशि उनके द्वारा दिये आईडीबीआई बैंक खाते में गूगल पे में रजिस्टर्ड के माध्यम से 50-50 हजार रुपए ट्रांसफर किये।

 उसके बाद मेरी यूआईडी में यह राशि प्रदर्शित हुई। उसके बाद दूसरे एवं तीसरे नंबर का टॉस्क पूरा करने के पश्चात इनसफिशियट बैलेंस उसी आईडी में प्रदर्शित होने पर उनके द्वारा अधिक लाभ प्राप्त होने का झांसा देकर फिर राशि एड करने कहा गया और फेडरल बैंक का खाता नंबर दिया। उसने अपने कोटक महिन्द्रा बैंक के खाते से 97 हजार 671 रुपए ट्रांसफर किये। इसके बाद टॉस्क कंप्लीट होने के बाद ही विड्रॉल करने का झांसा दिया गया। तब उसने अपनी मां धनमोती नर्मदा के पंजीकृत बंधन बैंक के खाते से ठगों के बंधन बैंक के खाते में 1 लाख रुपए, बाद में अपनी पत्नी जेमा नर्मदा के नाम आईडीबीआई बैंक के खाते से 1 लाख रुपए फिनो बैंक के खाते में फिर अपने नाम के एसबीआई खाते से बंधन बैंक के खाते में 35 हजार 624 रुपए जमा कर दिये।

इसके बाद में 15 अप्रैल को अपने खाते से सिटी यूनियन बैंक के खाते में 3 लाख, 45 हजार रुपए ट्रांसफर किये। फिर कोटक महिन्द्रा बैंक के खाते से उनके एचडीएफसी बैंक के खाते में 59 हजार रुपए, दादा रणजीत नर्मदा के एसबीआई खाते से उनके एचडीएफसी बैंक के खाते में 70 हजार रुपए, अपनी पत्नी जेमा नर्मदा के बंधन बैंक के खाते से उनके बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खाते में 38 हजार 576 रुपए ट्रांसफर कर दिये और दिया गया टास्क भी कंप्लीट हो गया।

 

उसके बाद उसके यूआईडी में 20लाख,71 हजार 961 रुपए दिखा रहा था। जिसे उसने एक साथ विड्रॉल करने का प्रयास किया तो उनके फायनेंस कंसल्टेंट द्वारा सिस्टम जनरेटेड एक स्क्रीन शॉट भेजा गया। जिस पर 3 लाख रुपए से अधिक की राशि विड्रॉल प्रोसेस में लगायी गयी। इसलिए कुल विड्रॉल राशि का 50 प्रतिशत फंड आउट फीस भुगतान करना लिखा हुआ था और यह राशि रिफंडेबल है कहा गया। इस पर फिर प्रार्थी ने विड्रॉल के लिए दूसरे दिन 16 अप्रैल को अपने आईडीबीआई बैंक के खाते से उनके इंडसइंड बैंक खाते में आरटीजीएस के माध्यम से 10लाख, 1 हजार 981 रुपए ट्रांसफर करने के बाद फिर से विड्रॉल लगाया। जिसमें उनके द्वारा निर्मित प्लेटफार्म लिंक में सिविल स्कोर 100 के स्थान पर 97 होने पर विड्रॉल अस्वीकार कर एक पीडीएफ  लेटर उसके टेलीग्राम मोबाइल नंबर पर उनके फायनेंस कंसल्टेंट द्वारा जारी कर भेजा गया। पुलिस ने आरोपी मोबाइल धारकों के खिलाफ  अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट