महासमुन्द
महासमुंद, 20 अप्रैल। अंचल में पुलिस टीम द्वारा वाहनों की सघन चेकिंग जारी है। कल भी बसना पुलिस ने पदमपुर रोड स्थित परसकोल चौक बंसुला में वाहनों की चेकिंग के दौरान एक कार से 40 किलोग्राम से भी अधिक गांजा जब्त किया। इस प्रकरण में राजस्थान के दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। कार से जब्त गांजा की कीमत 8 लाख रुपए बतायी गई है।
पुलिस के अनुसार 18 अप्रैल को बसना-पदमपुर रोड परसकोल चौक बंसुला में पुलिस स्टाफ द्वारा पदमपुर ओडिशा की ओर से आ रहे वाहनों को चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पदमपुर रोड ओडिशा की ओर से एक कार टाटा टियागो क्रमांक सीजी 15 डीएच 4324 को रोककर चेकिंग की गई। जिसमें दो व्यक्ति सवार थे। जिसे रोककर पूछताछ की गई। जिस पर कार चालक ने अपना नाम रामकिशन बिश्नोई पडियाल, राजस्थान तथा बाजू की सीट में बैठे युवक ने अपना नाम मनीष देवाशी निवासी मोटाई, थाना चाकसू राजस्थान का रहने वाला बताया।
पूछताछ में आरोपियों ने कार की डिक्की में दो सफेद कलर की प्लास्टिक बोरी में गांजा होना बताया। जिसे टिटलागढ़ रामपुर ओडिशा से खरीदकर बीकानेर राजस्थान ले जाना बताया। आरोपियों के कब्जे से कुल 40 किलो 400 ग्राम गांजा, मोबाइल व नगदी रकम जब्त किया गया। मामले में आरोपियों को धारा 20 ख, नारकोटिक एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। बसना पुलिस आग के कार्रवाई करने में जुटी हुई है।