महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 अप्रैल। बिना किसी सूचना के चार माह से अनुपस्थित रहने वाले व्यायाम शिक्षक को संभागीय संयुक्त संचालक राकेश कुमार पांडेय शिक्षा संभाग रायपुर के द्वारा निलंबित किया गया है।
श्री पांडेय ने आकस्मिक निरीक्षण के दौरान शिक्षक डायरी अधूरा पाये जाने पर शाला के 8 शिक्षकों को भी समझाईश दी है। संभागीय संयुक्त संचालक श्री पांडेय ने 19 अप्रैल को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तोरेसिंहा का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया गया कि भोजराज सिदार विगत 19 दिसंबर 2024 से बिना किसी सूचना के लगातार शाला में अनुपस्थित हैं। संस्था के प्राचार्य द्वारा उक्त शिक्षक की अनुपस्थिति की सूचना उच्च कार्यालय को भी दी गई थी। इस प्रकार श्री सिदार व्यायाम शिक्षक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तोरेसिंहा को सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील नियम 1965 के धारा 3 के तहत् तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा तथा उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी मैनपुर जिला गरियाबंद छग नियत किया गया है। निरीक्षण के दौरान संस्था के 08 शिक्षकों की शिक्षक डायरी भी अधूरी पाई गई। जिस पर संयुक्त संचालक ने नाराजगी व्यक्त किया। सभी शिक्षकों को नियमित शिक्षक डायरी संधारण हेतु निर्देशित किया गया। मौके पर विकासखंड शिक्ष अधिकारी प्रकाशचंद्र मांझी भी उपस्थित थे। श्री पांडेय ने संस्था के प्राचार्य डॉ.अनिल कुमार प्रधान को नई शिक्षा नीति के परिपालन के दृष्टिगत ग्रीष्मावकाश में समर कैम्प आयोजित करने हेतु निर्देशित किया गया है।