महासमुन्द
संसद में उठाए गए प्रश्न पर केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर वस्तुस्थिति से अवगत कराने कहा है-रूप कुमारी
महानदी के एक तट पर रेत समाप्त हो चुकी, दूसरे तट पर भी खुदाई जोरों से जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 अप्रैल। रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन के मामले में सांसद रूपकुमारी चौधरी के संसद में उठाए गए प्रश्न के बाद सांसद प्रतिनिधि ने भी मोर्चा खोल दिया है।
गौरतलब है कि प्रदेश में सरकार भी भाजपा की और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी भाजपा के हैं। बावजूद इसके निर्बाध रूप से जारी रेत कारोबार ने शासन-प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और उनके रिश्तेदारों की संलिप्तता से भी भाजपा की छबि धूमिल हो रही है। तकरीबन माह भर पहले ही महासमुंद सांसद रुपकुमारी चौधरी ने अवैध रेत खनन की शिकायतों और प्रदर्शनों के बाद भी राज्य सरकार पर कार्रवाई नहीं करने पर आपत्ति दर्ज कराते हुए इस मामले को लोकसभा सदन में उठाया था। बावजूद इसके प्रदेश में भाजपा सरकार होते हुए भी अधिकारी इस कार्य पर लगाम लगा पाने में फेल साबित हो रहे हैं। हालात यह है कि चौबीसों घंटे महाननदी से रेत की चोरी हो रही है और रोजाना 200 से अधिक हाइवा में भरकर रेत की ढुलाई हो रही है।
सांसद श्रीमती चौधरी ने सरकार से यह स्पष्ट करने की मांग की थी कि क्या सरकार को इस मुद्दे पर किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त हुई है? यदि हां, तो उन शिकायतों पर अब तक क्या कार्रवाई की गई? क्या सरकार इस अवैध रेत खनन पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की योजना बना रही है? ताकि महानदी के पारिस्थितिकी तंत्र को संरक्षित किया कि जा सके और इसके जल स्रोतों तथा स्थानीय समुदायों को सुरक्षित रखा जा सके। श्रीमती चौधरी ने पूछा था कि क्या सरकार महानदी के अस्तित्व को बचाने के लिए ठोस प्रयास कर रही है? या यह केवल खानापूर्ति तक सीमित है?
‘छत्तीसगढ़’ अखबार से बात करते हुए सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा है कि संसद में उठाए गए प्रश्न पर केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर वस्तुस्थिति से अवगत कराने कहा है। जानकारी मिलते ही मीडिया को अवगत कराया जाएगा।
सांसद प्रतिनिधि नारेंद्र गिरी ने महासमुंद विधानसभा क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन को लेकर जारी प्रेस नोट में कहा है कि क्षेत्र में रेत माफिया सक्रिय हंै और अवैध रूप से रेत परिवहन करके शासन को राजस्व की भारी क्षति पहुंचा रहे हंै। कुछ दिन पूर्व रेत के अवैध परिवहन को ग्राम गदसिवनी के लोगों ने विरोध किया तो रेत माफियाओं ने गांव के प्रमुख लोगों के बीच गांव में आकर पिटाई की और गढ़सिवनी क्षेत्र से रेत निकाल कर काकदेही के रास्ते रेत निकासी जारी रखा है। अवैध रेत उत्खनन में खनिज विभाग के सहायक खनिज अधिकारी देवेन्द्र साहू पर पूर्ण संलिप्तता का आरोप लगाते हुए श्री गिरी ने कहा है कि जितने भी अवैध रेत खदान चल रहे हैं रेत माफियाओं को सहायक खनिज अधिकारी देवेन्द्र साहू का पूर्ण सहयोग है। जल्द ही एक प्रतिनिधि मंडल उक्त भ्रष्ट सहायक खनिज अधिकारी के विरूद्ध कार्रवाई करने के लिए मुख्यमंत्री से मिलकर अनुरोध करेगा।
ज्ञात हो कि महासमुंद जिले से होकर गुजरने वाली जीवनदायिनी महानदी वर्षों से रेत चोरों का शिकार हो रही है। शासन की कार्रवाई केवल खानापूर्ति तक सीमित है। जिससे महानदी का अस्तित्व अब खतरे के निशान से बहुत ऊपर आ चुका है। महानदी का उद्गम छत्तीसगढ़ के धमतरी से होता है। यह नदी जिला गरियाबंद, रायपुर, महासमुंद और बलौदा बाजार होते हुए ओडि़शा की ओर जाती है। इन तमाम जिलों में महानदी का पानी फसलों से लेकर निस्तारी और पीने के पानी तक के लिये उपयोग में लिया जाता है। लेकिन इन सभी जिलों में महानदी के दोनों तटों पर अवैध रेत उत्खनन जारी है। महानदी के एक तट पर रेत समाप्त हो चुकी है। और दूसरे तट पर भी अवैध उत्खनन जोरों पर है। रायपुर जिले की तरफ के रेत खदान लीज पर हैं। लेकिन महासमुंद जिले में बिना अनुमति रेत उत्खनन किया जा रहा है। लिहाजा इन तमाम जिलों का जलस्तर बेहद नीचे जा चुका है। जानकारों के अनुसार यदि यह स्थिति जारी रही तो पीने के पानी की भी कमी हो सकती है। फसलों और निस्तरी तब हो ही नहीं सकेगा। ग्रामीणों की शिकायत पर कलेक्टर महासमुंद ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। लेकिन देखना होगा कि यह आश्वासन कब तक पूरा होता है। महानदी का संरक्षण और अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में जल संकट से बचा जा सके।

