महासमुन्द
माह भर से हड़ताल पर थे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 अप्रैल। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को शासकीयकरण किए जाने मिले आश्वासन के बाद पंचायत सचिवों ने 1 माह बाद हड़ताल समाप्त किया है। पिछले माह भर से हड़ताल की वजह से पंचायतों का कामकाजे बुरी तरह से ठप था। अब आगामी सोमवार से सचिव पंचायतों में लौटेंगे। मिली जानकारी के अनुसार उपमुख्यमंत्री व पंचायत मंत्री विजय शर्मा से प्रदेश पंचायत सचिव संघ के प्रांताध्यक्ष उपेन्द्र सिंह पैकरा ने मुलाकात की जिस पर 26 जनवरी को शासकीयकरण किए जाने का आश्वासन मिला। आश्वासन के बाद हड़ताल स्थगित कर दी है। अब सोमवार से सचिव काम पर लौट जाएंगे।
मालूम हो कि शासकीयकरण की मांग को लेकर जिले के साथ-साथ प्रदेशभर में पंचायत सचिव बीते 17 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे। फलस्वरूप पंचायतों में मूलभूत सुविधाओं से लेकर विकास के तमाम काम ठप थे। हड़ताल के दौरान जिला मुख्यालय में पटवारी कार्यालय के साथ ही सभी ब्लाकों में सचिव धरने पर बैठे थे। शासन प्रशासन की ओर से गत 100 अप्रैल को पंचायत सचिवों को 24 घंटे के भीतर काम पर लौटने जारी नोटिस में कहा गया था कि ऐसा न करने पर सचिवों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए मैदानी स्तर पर कार्यरत अधिकारी व कर्मचारियों को अस्थाई तौर पर सचिव का प्रभार सौंपा जाएगा। सरपंच व नए अस्थाई सचिव के संयुक्त हस्ताक्षर से पंचायत निधि से राशि आहरण से पंचायत का काम किया जाएगा।
लेकिन प्रशासन के इस नोटिस का कोई असर हड़ताली सचिवों पर नहीं पड़ा और उन्होंने अपना आंदोलन जारी रखा। उपमुख्यमंत्री व पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने सचिवों से कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा गठित कमेटी द्वारा जनवरी 2026 तक अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत कर दिया जाएगा। पश्चात शासकीयकरण किया जाएगा। शासकीय करण से पहले जारी आदेश में निर्देशित चिकित्सा व्यय प्रतिपूर्ति हेतु अलग से मार्गदर्शिका जारी की जाएगी। वर्तमान में 15 वर्ष सेवा पूर्ण करने पर हो रहे वेतन सत्यापन जो विसंगति का सुधार किया जाएगा। आंदोलन अवधि के वेतन की स्वीकृति तत्काल प्रदान करने का आश्वासन दिया गया है।