महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18अप्रैल। महासमुंद ब्लॉक के महानदी के तट में बसे ग्राम पंचायत गढ़सिवनी में महानदी अवैध रेत खनन किया जा रहा है। यह स्थिति बीते 3 महीने से बनी हुई है। अधिकारियों को जानकारी होने के बाद भी अब तक न तो जांच करने पहुंचे हंै, न ही किसी तरह की कार्रवाई की गई है। गांव वाले बताते हैं कि गढ़सिवनी के नदी से रेत निकालने की अनुमति नहीं है। लेकिन जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के संरक्षण में यह जारी है। हालात यह है कि रेत माफिया बेखौफ होकर रेत का अवैध खनन व परिवहन कर रहे हैं।
गांव वालों ने बताया कि रेत खनन के लिए महानदी में बकायदा 4 चेन माउंटेन रखा गया है। जहां से हाईवा में भरकर रेत दूसरे जिले में रेत को महंगे दाम में बेच रहे हैं। प्रतिदिन 200 हाइवा रेत निकाली जा रही है। नदी से रेत निकालने का विरोध करने पर रेत माफिया ग्रामीणों के साथ मारपीट करते हैं। इससे ग्रामीण डरे हुए हंै। रेत खनन का काम न केवल दिन में बल्कि रात में भी की जाती है। माफियाओं का आंतक ऐसा है कि जांच करने तो दूर की बात कोई भी अधिकारी कार्रवाई करने के लिए नदी में जाने से घबराते हैं।
गांव वालों के मुताबिक विभाग में शिकायत के बाद भी अभी तक अवैध रेत खनन का कार्य बंद नहीं हो पाया है। इसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। नाराज ग्राम प्रमुख गेंदलाल पुष्पाकर ने कहा कि मैं इन कामों का चश्मदीद हूं। ग्राम गढ़सिवनी में रेत माफियाओं गांव के नदी में मोहान घाट और कागदेही घाट से दंबंगई करते हुए बलपूर्वक गांव में बिना अनुमति के बीते तीन महीने से भी ज्यादा समय से रेत खदान का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारी वाहन के कारण सडक़ खस्ताहाल है। जिसमें हादसे का भय बना रहता है। ग्रामीण महेश्वर,सतीश सोनकर, महेश सोनकर ने बताया कि ग्राम में अवैध रेत उत्खनन व परिवहन के चलते रास्ता खराब हो गया है। रोजाना सैकड़ों हाइवा रेत लेकर गुजरते हैं। भारी वाहनों के चलने के कारण सडक़ें खस्ताहाल हो चुकी है। जगह-जगह खतरनाक गड्ढे हो गए हैं। इससे बाइक व साइकिल सवार गिरकर घायल हो रहे हंै। स्कूली बच्चों को भी आने जाने में दिक्कतें होती है। इससे हादसा की आशंका भी बनी रहती है।
गांव के नदी घाट में चल रहे अवैध रेत खदान को बंद करवाने के लिए ग्रामीणों ने 3 अप्रैल को सुबह 10 बजे गांव में बैठक रखा था। बैठक में अवैध रेत खदान को बंद करवाने की चर्चा चल रही थी। तभी बैठक में अवैध रेत खनन व परिवहन करने वाले रेत माफिया भी पहुंच गए। रेत खनन बंद करने की बात कहने पर रेत माफियाओं ने बैठक के बीच में ही ग्रामीणों के साथ मारपीट शुरू कर दी। मामले में ग्रामीणों ने इसकी शिकायत एसपी से शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बैठक के बाद से रेत माफियाओं ने गांव के मौहान घाट से रेत खनन काम बंद कर दिया।
इसके बाद रेत माफियाओं ने गांव दूसरे घाट कागदेही घाट से अवैध रूप से रेत खनन कार्य चालू कर दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि रेत माफिया दबंगई के साथ रोजाना 200 हाइवा रेत का अवैध परिवहन कर रहे हैं। इसके खनन के लिए रेत घाट में चार चेन माउंटेड लगाए हंै। कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत कर रेत खनन बंद कराने की मांग की है। मौके पर गेंदलाल, हरिराम साहू, लिलेश सोनकर,सुरेश व अन्य उपस्थित रहे।