महासमुन्द
पिछले साल बिना वातानुकुलित मशीन के यहां रखी 6 हजार से अधिक दवाएं खराब हुई थी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 अप्रैल। मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल के दवा वितरण कक्ष में वर्षों से वातानुकुलित मशीन नहीं लगाई गई हंै। फलस्वरूप बिना एसी के ही निश्चित तापमान में रखी जाने वाली दवाएं यहां स्टोर हंै। ऐसे में दवाओं की गुणवत्ता खराब होने की अशंका है। गत वर्ष भी यहां बिना वातानुकुलित मशीन के यहां रखी 6 हजार से अधिक दवाएं खराब हुई थी।
मालूम हो कि अंग्रेजी दवाओं में अनेक ऐसी दवाएं हैं जिन पर 20 डिग्री से 30 डिग्री के तापमान पर रखने जाने की गाइडलाइन अंकित रहती है। लेकिन यहां ऐसी दवाओं को सामान्य तापमान पर रखा जा रहा है।
गौरतलब है कि वर्तमान में तापमान 40 डिग्री के आसपास चल रहा है और आने वाले समय में तापमान में और अधिक इजाफा होने की संभावना है। ऐसे मेंं मेडिकल कालेज सह जिला अस्पताल में बगैर एसी के दवाओं को रखना किसी खतरे से खाली नहीं है। यहां रेबिज, टिटनेस की दवाएं तो पृथक से डीप फ्रीजर में स्टोर रहती है। लेकिन एंटी डी इम्यूनोग्लोबिन, मेफेनेमिक एसिड, टेलमिस्ट्रॉन मेटफोर्मिन हाइड्रोक्लोराइड, हाइड्रोक्स्यूरिया सहित अनेक टेबलेट्स बिना एसी के रखी गई हैं। जानकारी मिली है कि यहां अस्पताल में एक्सरे, लेबोरेट्री में पिछले माह भर से अनेक जरूरी जांच भी प्रभावित है।
मेडिकल कॉलेज में दवाओं के लिए एसी की जरूरत होती है। क्योंकि इससे दवाओं की गुणवत्ता बनी रहती है और उनका असर भी खराब नहीं होता है। एसी नहीं होने से दवाएं खराब हो सकती हैं। जिससे मरीजों को नुकसान हो सकता है। एसी का तापमान दवाओं को सुरक्षित रखने के लिए महत्वपूर्ण होता है। यदि तापमान ज्यादा हुआ तो दवाएं खराब हो सकती हैं। बगैर एसी दवाएं अपना असर खो सकती हैं। इससे मरीजों को सही इलाज नहीं मिल पाएगा। कई देशों में दवाओं को स्टोर करने के लिए एसी की व्यवस्था अनिवार्य है। अस्पतालों में दवाओं को स्टोर करने के लिए एसी का होना जरूरी है। इससे दवाओं को सुरक्षित रखा जा सकता है और मरीजों को सही इलाज मिल सकता है।
जानकारी के मुताबिक मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में केवल महासमुंद जिला ही नहीं बल्कि रायपुर जिला, बलौदाबाजार जिला तथा पड़ोसी राज्य ओडि़शा के खरियार रोड से भी लोग उपचार कराने पहुंचते हैं। मेडिकल कॉलेज बनने के बाद यहां मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। लेकिन दवाओं के रखरखाव में सुरक्षा मानकों की अनदेखी जानलेवा साबित हो सकती है।
डॉ. बसंत माहेश्वरी,मेडिकल सुप्रीटेंडेंट मेडिकल कॉलेज हास्पिटल महासमुंद का कहना है कि जिला अस्पताल की प्रबंध कार्यकारिणी की बैठक में अनुमोदन हो चुका हैं। वितरण कक्ष सहित कुल 39 स्थानों पर एसी लगाये जायेंगे। मंत्री जी के अनुमोदन के बाद क्रय करने की कार्रवाई होगी। संभवत: इस माह के अंत तक क्रय होने की उम्मीद है।