महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 अप्रैल। जिले के सिंघोड़ा थानांतर्गत ग्राम रेहटीखोल के पास से पुलिस ने एक एक्सयूव्ही कार में ओडि़शा से गांजा परिवहन कर सरायपाली के रास्ते कवर्धा की ओर आ रहे दो तस्करों को 8 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। थाना से मिली जानकारी अनुसार मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति एक सफेद रंग के महिन्द्रा एक्सयूव्ही कार में अवैध मादक पदार्थ गांजा रखकर ओडि़शा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं।
सूचना पर एसडीओपी सरायपाली ललिता मेहर के निर्देशन एवं थाना प्रभारी महेश साहू के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने एनएच 53 मार्ग पर ग्राम रेहटीखोल के पास जाकर नाकाबंदी किया। कुछ समय बाद मुखबिर के बताये अनुसार उक्त वाहन वहां पर पहुंची।
जिसमें दो व्यक्ति सवार थे। पुलिस को देखकर वे अपने वाहन को तेज गति से भगाने लगे।
जिन्हें पुलिस टीम द्वारा दौड़ाकर पकड़ा गया। नाम पता पूछने पर अपना नाम बसंत कुमार जांगड़े उम्र 36 वर्ष एवं सुकदेव डिंडोरे उम्र 21 वर्ष दोनों निवासी कवर्धा जिला कबीरधाम बताया। उनसे भागने का कारण पूछने पर उन्होंने कार में गांजा होना एवं उक्त गांजा को बौध ओडि़शा से रघुनाथपुर कवर्धा ले जाना स्वीकार किया।
पुलिस द्वारा कार की तलाशी के दौरान बीच सीट में एक प्लास्टिक बोरी में 08 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा कीमत 1 लाख 20 हजार का पाया गया। जिसे कार सहित जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 20 ख नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।