महासमुन्द
गुंजायमान रहा जय हनुमान ज्ञान गुण सागर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 अप्रैल। महासमुंद नगर समेत जिले के तमाम सभी हनुमान मंदिरों में कल विशेष पूजा अर्चना हुई। मंदिर पहुंचने वाले सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। इसी तरह नेहरू स्थित उत्तरमुखी हनुमान में भी आलू चने की सब्जी के साथ देर शाम तक भंडारा होता रहा। जन्म दिवस के अवसर पर कल ब्रम्ह मुहर्त से लेकर देर रात तक भक्तों ने हनुमान चालीसा, सुंदरकांड, पाठ-पूजा कर लोक कल्याण के लिए प्रार्थना की। इसमें सनातन सेवा धर्म के सदस्य शामिल हुए। शाम को महाआरती के बाद महाप्रसादी वितरण किया गया। कचहरी चौक स्थित संकट मोचन हनुमान का जन्मोत्सव युवाओं ने सुबह मनाया।
इस अवसर पर भक्तों ने हनुमान जी का सुबह जल महाभिषेक कर चन्दन चोला किया। इसके बाद हनुमान जन्म आरती व चालीसा पाठ के बाद शाम को खीर-पूड़ी प्रसाद श्रध्दालुओं को बांटी गई। फूल चौक स्थित मंदिर सहित मोहल्लों में स्थित मंदिरों में हनुमान चालीसा, शांति पाठ किया। घरों में भी हनुमानजी की पूजा की गई। मंदिरों में सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए श्रध्दालु पहुंचते रहे। खल्लारी महोत्सव में भी भक्तों ने मंदिर में माथा टेका व माँ खल्लारी से परिवार की खुशहाली की पार्षद ने हनुमान मंदिरों में की पूजा अर्चना की। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष व पार्षद भाऊराम साहू ने हनुमान की पूजा कर शहर की खुशहाली लिए प्रार्थना की। इस दौरान प्रहलाद यादव, नरेश निषाद, सुरेश निषाद, कमल महाराज सहित वार्ड न 14 व 25 के लोग मौजूद थे।
इस तरह सुबह से देर रात तक मन्दिर में पूजा व महाप्रसादी वितरण चलता रहा। शीतला मंदिर छोटे तालाब में स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में भक्तों ने सुन्दरकाण्ड का पाठ किया व शाम को महाप्रसादी का वितरण किया। मौली मन्दिर स्थित हनुमान मंदिर में सदस्यों द्वारा प्रात:काल पूजा की गई। ग्राम बिरकोनी सहित अंचल के विभिन्न मंदिरों में हनुमान जन्म उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
सभी मंदिरों में मंगल आरती हुई। पर्व पर भक्तों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। चंडी गेट स्थित हनुमान मंदिर में भक्तों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान राम जानकी मंदिर में विशेष श्रृंगार किया गया।